रक्षाबंधन पर ट्रैफिक और बाजार व्यवस्था को लेकर महापौर ने कसी कमर
राखी बाजार, पार्किंग और अतिक्रमण को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश, सड़क घेरने वालों पर होगी चालानी कार्रवाई

कटनी, 10 अगस्त। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर शहर में यातायात एवं बाजार व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने यातायात विभाग एवं नगर निगम की अतिक्रमण शाखा के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक कर पर्व के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात, पार्किंग और बाजार व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि रक्षाबंधन के दौरान बाजारों में खरीदारों की संख्या बढ़ने से यातायात का दबाव भी बढ़ेगा। ऐसे में नगर निगम और यातायात विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सेंट्रल पार्किंग और अतिक्रमणपर सख्तीबैठक में सेंट्रल पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा बाजार क्षेत्रों में यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण पर कार्रवाई को लेकर चर्चा हुई। महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क पर सामान फैलाकर या अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि कार्रवाई के साथ दुकानदारों और व्यापारियों को समझाइश भी दी जाए, ताकि बाजार व्यवस्था प्रभावित न हो और ग्राहकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
लल्लू भैया की तलैया में राखी बाजार की तैयारियां
रक्षाबंधन को लेकर लल्लू भैया की तलैया में चिन्हित राखी बाजार स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। महापौर ने कहा कि यहां आने वाले व्यापारियों और ग्राहकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ पार्किंग, स्वच्छता और आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए सभी तैयारियां पहले से पूरी कर ली जाएं।
वैकल्पिक पार्किंग स्थल चिन्हित करने पर जोर
बैठक में शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्थायी वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर भी चर्चा हुई। महापौर ने अधिकारियों को उपयुक्त स्थलों का चिन्हांकन कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था से रक्षाबंधन पर्व के दौरान यातायात का दबाव कम करने के साथ सामान्य दिनों में भी नागरिकों को राहत मिलेगी।
व्यापारियों और नागरिकों से सहयोग की अपील
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए व्यापारियों और नागरिकों के साथ संवाद कर उन्हें जागरूक किया जाए। लोगों से निर्धारित स्थानों पर वाहन पार्क करने, सड़क पर सामान नहीं फैलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की जाए।
उन्होंने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन के साथ नागरिकों और व्यापारियों का सहयोग भी जरूरी है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नागरिकों के सुरक्षित और सुगम आवागमन को प्राथमिकता दें।
बैठक में कार्यपालन यंत्री श्री अंशुमान सिंह, यातायात टीआई अनूप सिंह, अतिक्रमण प्रभारी श्री मनेन्द्र सिंह सहित नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




