रवीन्द्रनाथ टैगोर वार्ड में विकास को मिलेगी रफ्तार, 50.15 लाख से बनेगी सीसी सड़क और सामुदायिक भवन
महापौर प्रीति सूरी की पहल पर विकास कार्यों का शुभारंभ, कन्याओं ने किया भूमिपूजन — सड़क बनने से आवागमन होगा सुगम,

महापौर प्रीति सूरी की पहल पर विकास कार्यों का शुभारंभ, कन्याओं ने किया भूमिपूजन — सड़क बनने से आवागमन होगा सुगम,
विकास साहू
कटनी, 17 अक्टूबर 2026। शहर में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में नगर निगम द्वारा विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में रवीन्द्रनाथ टैगोर वार्ड में लगभग 50 लाख 15 हजार रुपये की लागत से सीसी सड़क और सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की पहल पर स्वीकृत इन कार्यों का शुभारंभ वार्ड की कन्याओं के करकमलों से कराया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद विनोद लाला (भुट्टू) यादव सहित एमआईसी सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
25.31 लाख रुपये से बनेगी सीसी सड़क
वार्ड में पड़रवारा शासकीय स्कूल से बल्लू नाई के घर तक तथा आदिवासी बस्ती में सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए लगभग 25 लाख 31 हजार रुपये की राशि निर्धारित की गई है। सड़क निर्माण से स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों और राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। पक्की सड़क बनने से लंबे समय से महसूस की जा रही आवागमन संबंधी समस्या दूर होने की उम्मीद है।
24.84 लाख रुपये की लागत से बनेगा सामुदायिक भवन
वार्ड में लगभग 24 लाख 84 हजार रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण भी कराया जाएगा। इस भवन से स्थानीय नागरिकों को सामाजिक, सांस्कृतिक और मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध होगा। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को निजी स्थान के अभाव में होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।
गरीब परिवारों के लिए सामाजिक सहारा बनेगा भवन : महापौर
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि सामुदायिक भवन केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के लिए सामाजिक सहयोग का माध्यम बनेगा। आर्थिक तंगी के कारण जिन परिवारों को छोटे-मोटे मांगलिक कार्यक्रम या सामाजिक आयोजन करने में कठिनाई होती है, उन्हें इस भवन के माध्यम से सुविधाजनक स्थान मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना है।
पार्षद ने महापौर और निगम प्रशासन का जताया आभार
क्षेत्रीय पार्षद विनोद लाला (भुट्टू) यादव ने कहा कि वार्ड में सीसी सड़क और सामुदायिक भवन का निर्माण स्थानीय नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सड़क बनने से आवागमन सुगम होगा, वहीं सामुदायिक भवन से सामाजिक और मांगलिक आयोजनों के लिए सुविधा मिलेगी। उन्होंने विकास कार्यों की स्वीकृति और शुभारंभ के लिए महापौर श्रीमती प्रीति सूरी तथा नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
विकास कार्यों के शुभारंभ कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी, रेखा तिवारी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




