टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

खम्हरिया नंबर-1 में दिखी यदुवंशियों की अनूठी आस्था, पारंपरिक दीवाली नृत्य ने बांधा समां

खुरदेव बाबा, गौरैया बाबा, गोवर्धन पर्वत और गौमाता का विधि-विधान से किया पूजन, ढोल-नगाड़ों की थाप पर निकला भव्य जुलूस

खुरदेव बाबा, गौरैया बाबा, गोवर्धन पर्वत और गौमाता का विधि-विधान से किया पूजन, ढोल-नगाड़ों की थाप पर निकला भव्य जुलूस,

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

(कटनी)। कटनी जिले के रीठी विकासखंड अंतर्गत ग्राम खम्हरिया नंबर-1 में दीपावली पर्व के अवसर पर यदुवंशी समाज ने अपनी प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए बड़े हर्षोल्लास के साथ गोवर्धन पूजा और गौमाता का पूजन किया। इस दौरान ग्राम के खेरापति खुरदेव बाबा एवं गौरैया बाबा सहित प्रमुख देवी-देवताओं की सामूहिक पूजा-अर्चना कर ग्रामवासियों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

ग्राम में दीपावली पर्व की शुरुआत धनतेरस से ही हो जाती है। कार्तिक अमावस्या की रात दीपदान, छाहुर पूजन तथा ग्राम के देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर गांव को जगाने की प्राचीन परंपरा निभाई जाती है। इसके बाद गोवर्धन पूजा के अवसर पर समस्त ग्रामवासी एकत्रित होकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धार्मिक आयोजन में शामिल होते हैं। इस अवसर पर गौमाता का पूजन और बिचकाने की अनूठी परंपरा भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहती है।

पूजन-अर्चना के बाद ग्वाल-बाल पारंपरिक दीवाली की विशेष वेशभूषा और साज-सज्जा के साथ ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते हुए भव्य जुलूस के रूप में गांव के प्रमुख मार्गों से निकले। जुलूस का समापन बाबा हरिदास जी के बंगले में हुआ, जहां सभी ने सामूहिक रूप से पारंपरिक दीवाली नृत्य का आनंद लिया।

इस अनूठे आयोजन को देखने के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरे जुलूस के दौरान जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। तालियों की गूंज और पारंपरिक नृत्य ने ऐसा समां बांधा कि पूरा क्षेत्र मानो वृंदावन धाम में परिवर्तित हो गया।

इस अवसर पर श्री रामभगत यादव, मारू लाल यादव, अर्जुन यादव, अमृत लाल यादव, गजराज यादव, विशाली यादव, प्रहलाद यादव, रामदास यादव, कमलेश यादव, निर्भय यादव, रघुनंदन यादव, मूलचंद यादव, मुन्ना विश्वकर्मा, अनिल विश्वकर्मा, त्रिलोक यादव, ज्ञानचंद यादव, ऊदल यादव, राकेश यादव, शरद यादव, पुरुषोत्तम यादव, कन्हैया यादव, पप्पू यादव, राहुल यादव (पंडा) सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि यदुवंशियों की समृद्ध लोक संस्कृति और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं को जीवंत रखने का भी संदेश दे गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!