टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

बरही अग्निकांड की होगी मजिस्ट्रियल जांच, छह मौतों के बाद प्रशासन सख्त

अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति गठित, 30 दिन में सौंपनी होगी रिपोर्ट

अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति गठित, 30 दिन में सौंपनी होगी रिपोर्ट,

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। बरही नगर के मुख्य बाजार में हुए भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। घटना के वास्तविक कारणों और संभावित लापरवाही का पता लगाने के लिए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट आशीष तिवारी ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं।

कलेक्टर ने अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति को 30 दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, जांच समिति में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विजयराघवगढ़ विजय धारेवे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कैमोर मनीष परते तथा सहायक यंत्री विद्युत सुरक्षा कटनी ज्योति यादव को सदस्य बनाया गया है।

आग लगने के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था की होगी पड़ताल

जांच समिति बरही निवासी पूरनलाल पिता भगवत प्रसाद के आवासीय भवन एवं उसमें संचालित क्रॉकरी दुकान में लगी आग की घटना के सभी पहलुओं की जांच करेगी। आग लगने के वास्तविक कारणों, भवन और दुकान में सुरक्षा मानकों के पालन तथा संभावित लापरवाही की पड़ताल की जाएगी।

इसके साथ ही घटना के दौरान पुलिस, राजस्व और अग्निशमन विभाग द्वारा किए गए राहत एवं बचाव कार्यों की भी समीक्षा होगी। जांच में यह भी देखा जाएगा कि कहीं किसी स्तर पर नियमों की अनदेखी, प्रशासनिक चूक या अन्य कोई लापरवाही तो नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और दस्तावेजों की होगी जांच

समिति घटना से जुड़े प्रत्यक्षदर्शियों, संबंधित व्यक्तियों और प्रभावित पक्षों के बयान दर्ज करेगी। साथ ही विभागीय अभिलेखों, आवश्यक दस्तावेजों और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण कर घटना की परिस्थितियों एवं संभावित जिम्मेदारियों का पता लगाएगी।

जांच रिपोर्ट में भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी शामिल किए जाएंगे।

छह लोगों की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। अब मजिस्ट्रियल जांच के जरिए यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि इस भीषण अग्निकांड के पीछे आखिर क्या कारण रहे और कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!