सरकार आपके द्वार: 4 अक्टूबर को शहर के 6 स्थानों पर लगेंगे सेवा सेतु शिविर
पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही मिलेगा योजनाओं का लाभ, आवेदन, पंजीयन और ई-केवाईसी सहित कई सेवाएं होंगी उपलब्ध

पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही मिलेगा योजनाओं का लाभ, आवेदन, पंजीयन और ई-केवाईसी सहित कई सेवाएं होंगी उपलब्ध,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और नागरिक सेवाओं को आमजन तक सहज और त्वरित रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से “सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार” के तहत रविवार, 4 अक्टूबर को शहर के छह प्रमुख स्थानों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र हितग्राहियों के आवेदन, पंजीयन, ई-केवाईसी, दस्तावेजों की पूर्ति और आवश्यक कार्यवाही मौके पर ही पूरी की जाएगी।
इन छह स्थानों पर लगेंगे शिविर
नगर निगम द्वारा आयोजित शिविर बस स्टैंड ऑडिटोरियम, दुर्गा चौक खिरहनी, टी.सी. बजान-सुभाष चौक, माधवनगर उपकार्यालय, नगर निगम कार्यालय और खेरमाई मंदिर लखेरा में लगाए जाएंगे। प्रत्येक शिविर में अलग-अलग योजनाओं एवं सेवाओं के लिए हेल्पडेस्क और काउंटर बनाए जाएंगे, जहां नागरिक अपनी समस्याओं और आवेदनों से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
कई योजनाओं और सेवाओं का मिलेगा लाभ
शिविरों में पीएम स्वनिधि, संबल योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, नवीन नल कनेक्शन एवं जलकर, आईएचएसडीपी, भवन अनुज्ञा, फायर एनओसी, नामांतरण, कर निर्धारण और ट्रेड लाइसेंस सहित विभिन्न योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं से संबंधित आवेदन लिए जाएंगे।
इसके अलावा जन्म-मृत्यु-विवाह संबंधी सेवाओं, ई-केवाईसी और आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति से जुड़ी कार्यवाही भी शिविर स्थल पर की जाएगी। निगम प्रशासन का प्रयास है कि नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और अधिक से अधिक सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल सके।
शिविरों के लिए प्रभारी नियुक्त
नगर निगम द्वारा सभी छह शिविरों के लिए प्रभारी और सहायक प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। बस स्टैंड ऑडिटोरियम में पवन श्रीवास्तव को प्रभारी तथा पंकज निगम को सहायक प्रभारी बनाया गया है। दुर्गा चौक खिरहनी में जे.पी. सिंह बघेल प्रभारी और कामता प्रसाद पाण्डेय सहायक प्रभारी रहेंगे।
इसी प्रकार टी.सी. बजान-सुभाष चौक में रवि हनौते एवं सुनील तिवारी, माधवनगर उपकार्यालय में संजय मिश्रा एवं मनोज पाठक, नगर निगम कार्यालय में हिमांशु गौतम एवं देवी मिश्रा तथा खेरमाई मंदिर लखेरा में राजललित गुमास्ता एवं नीलेश तिवारी को शिविर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नागरिकों से शिविर में पहुंचने की अपील
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकता और पात्रता के अनुसार संबंधित दस्तावेजों के साथ अपने नजदीकी शिविर स्थल पर पहुंचें और शासन की योजनाओं एवं निगम की नागरिक सेवाओं का लाभ उठाएं। अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ नागरिक सेवाओं को सरल, पारदर्शी और सुगम बनाना है।




