टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

नवरात्रि से पहले निगमायुक्त ने परखी व्यवस्थाएं, जुलूस मार्ग होगा गड्ढामुक्त

जालपा मंदिर, रामलीला मैदान और गाटर घाट का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर अधिकारियों को दिए समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

जालपा मंदिर, रामलीला मैदान और गाटर घाट का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर अधिकारियों को दिए समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश,

राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। शारदेय नवरात्रि पर्व को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले नवरात्रि पर्व, जवारा विसर्जन और दशहरा चल समारोह को देखते हुए निगमायुक्त तपस्या परिहार ने गुरुवार को शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों और जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया।
निगमायुक्त ने जालपा देवी मंदिर, गोलबाजार स्थित रामलीला मैदान, स्टेशन रोड से आजाद चौक तक मुख्य जुलूस मार्ग और गाटर घाट विसर्जन स्थल का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
जालपा मंदिर पहुंचकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा
निरीक्षण की शुरुआत जालपा देवी मंदिर से हुई। निगमायुक्त ने मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और मंदिर के पुजारी से नवरात्रि के दौरान होने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मंदिर पहुंच मार्ग के समतलीकरण, खुली नालियों को ढकने और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
रामलीला मैदान में जलभराव और अव्यवस्था पर सख्ती
इसके बाद निगमायुक्त ने गोलबाजार स्थित रामलीला मैदान का निरीक्षण किया। प्रवेश द्वार पर जलभराव की समस्या को देखते हुए पानी की निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मैदान में अव्यवस्थित दुकानों को व्यवस्थित कराने, साफ-सफाई बनाए रखने और क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए।
जुलूस मार्ग में गड्ढे और अतिक्रमण हटाने के निर्देश
निगमायुक्त ने पंचमुखी हनुमान मंदिर से सुभाष चौक, झंडा बाजार, सुक्खन चौक, आजाद चौक होते हुए गाटर घाट तक जुलूस मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क के गड्ढों की फिलिंग कर मार्ग को गड्ढामुक्त करने, अस्थायी अतिक्रमण और निर्माण सामग्री हटाने तथा खुली नालियों को कवर करने के निर्देश दिए। विद्युत तारों को भी व्यवस्थित कराने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया।
गाटर घाट पर विसर्जन व्यवस्था होगी मजबूत
गाटर घाट पहुंचकर निगमायुक्त ने विसर्जन स्थल और कृत्रिम विसर्जन कुंड का निरीक्षण किया। उन्होंने मार्ग का समतलीकरण कराने और पर्याप्त आकार का व्यवस्थित अस्थायी विसर्जन कुंड तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही भविष्य की जरूरतों को देखते हुए एनजीटी और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमों के अनुरूप स्थायी विसर्जन व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
विसर्जन स्थल पर सीसीटीवी, प्रकाश व्यवस्था, माइक, बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने के निर्देश दिए गए। पुराने कुएं की सफाई तथा गाटर घाट के लो-लाइन क्षेत्र में निर्माणाधीन भवनों को लेकर नियमानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश भी निगमायुक्त ने दिए।
श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवरात्रि, जवारा विसर्जन और दशहरा चल समारोह को देखते हुए स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, सड़क, जल निकासी, अग्निशमन और सुरक्षा सहित सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और नागरिकों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!