गांधी जयंती पर बस स्टैंड में चला स्वच्छता अभियान
महापौर, कलेक्टर और एसपी ने किया श्रमदान, स्वच्छता मित्रों का सम्मान

महापौर, कलेक्टर और एसपी ने किया श्रमदान, स्वच्छता मित्रों का सम्मान,
कटनी, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में नगर निगम द्वारा बस स्टैंड परिसर में स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महापौर प्रीति संजीव सूरी, कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने श्रमदान किया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हाथ में झाड़ू लेकर बस स्टैंड परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की सफाई की। इस दौरान नागरिकों को सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में शहर की स्वच्छता व्यवस्था में योगदान देने वाले स्वच्छता मित्रों को सम्मानित कर उनके कार्य और सेवाभाव की सराहना की गई। महापौर ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और स्वच्छता को जनभागीदारी से जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वन मंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, जिला पंचायत सीईओ एवं प्रभारी निगमायुक्त हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, पार्षद, स्वच्छता मित्र और नागरिक मौजूद रहे।
विकास साहू कटनी न्यूज 24




