
तमिल संगम एक्सप्रेस लूटकांड का खुलासा, 9 संदिग्ध हिरासत में,
राजेश कुमार तिवारी
कटनी पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, पूछताछ में कई रेल अपराधों का खुलासा
कटनी। काशी तमिल संगम एक्सप्रेस में यात्रियों से चाकू की नोक पर लूट और चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। मामले में कटनी पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने 9 संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में 28 सितंबर की वारदात के अलावा रेलवे क्षेत्र में हुई अन्य घटनाओं में भी आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है।
28 सितंबर 2026 को ट्रेन क्रमांक 16368 काशी तमिल संगम एक्सप्रेस के कटनी रेलवे स्टेशन के समीप पहुंचने के दौरान अज्ञात बदमाशों ने यात्रियों को चाकू दिखाकर भयभीत किया था। आरोपियों ने सोने की चेन, अंगूठी, नकदी और मोबाइल फोन समेत करीब 86 हजार रुपये की संपत्ति लूटकर ट्रेन से उतरकर फरार हो गए थे। मामले में जीआरपी थाना कटनी में अपराध क्रमांक 1364/2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
चार विशेष टीमों ने संभाला मोर्चा
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में एएसपी कमल मौर्य और एएससी अशोक कुमार के नेतृत्व में चार विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। टीमों में कटनी के विभिन्न थानों के पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के साथ जीआरपी और आरपीएफ के करीब 50 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
संयुक्त टीमों ने खिरहनी फाटक, आधार कार्ड भट्ठा मोहल्ला सहित संदिग्ध और आपराधिक गतिविधियों वाले क्षेत्रों में दबिश देकर 9 संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में कई वारदातों की जानकारी
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने 28 सितंबर को काशी तमिल संगम एक्सप्रेस में हुई वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इसके अलावा 21 जुलाई को ट्रेन क्रमांक 18448 और 28 जुलाई को स्पेशल ट्रेन क्रमांक 03252 में हुई घटनाओं सहित रेलवे क्षेत्र में हुई अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी ICJS के माध्यम से जुटा रही है। साथ ही उनकी हिस्ट्रीशीट तैयार करने की कार्रवाई भी की जा रही है।
30 अन्य संदिग्धों के बारे में मिली जानकारी
पूछताछ के दौरान पुलिस को रेलवे क्षेत्र में सक्रिय करीब 30 अन्य अपराधियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस टीम अब इन आरोपियों की भूमिका की जांच करने के साथ फरार संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।




