सेवा सेतु शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, 64 आवेदन प्राप्त
विधायक और कलेक्टर ने अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश

विधायक और कलेक्टर ने अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। सेवा सेतु अभियान एवं मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत शनिवार को ग्राम पंचायत पहाड़ी में जनसंवाद शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल और कलेक्टर आशीष तिवारी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित 64 आवेदन प्राप्त हुए। विधायक और कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी लेते हुए नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता, समय-सीमा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि ग्रामीणों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
शिविर समाप्त होने के बाद भी विधायक और कलेक्टर ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी अन्य समस्याओं की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, डीएफओ गर्वित गंगवार, एसडीएम जितेंद्र पटेल, तहसीलदार अतुलेश सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




