Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़

आयुष्मान आरोग्य मंदिर में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी कलेक्टर ने

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत खमरिया पहुंचे कलेक्टर आशीष तिवारी, संस्थागत प्रसव और स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश,

✍️राजेश साधेलिया कटनी न्यूज 24 

कटनी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत कलेक्टर आशीष तिवारी ने शुक्रवार को खमरिया स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, मरीजों के पंजीयन, आयुष्मान कार्ड निर्माण सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
गर्भवती महिलाओं के पंजीयन की ली जानकारी
कलेक्टर आशीष तिवारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी पूजा पटेल से क्षेत्र में बनाए गए आशा कार्ड तथा पंजीकृत गर्भवती महिलाओं की संख्या की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।
संस्थागत प्रसव को लेकर दिए सख्त निर्देश
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि क्षेत्र की प्रत्येक गर्भवती महिला का समय पर पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रसव के लिए महिलाओं को अस्पताल लाने की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को संस्थागत प्रसव के फायदे बताए जाने तथा उन्हें अस्पताल में प्रसव के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रसव के दौरान किसी तरह की स्वास्थ्य संबंधी जटिलता की स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
स्वास्थ्य सुविधाओं की भी परखी व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उपलब्ध जांच एवं उपचार सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इसी दौरान कलेक्टर आशीष तिवारी ने स्वयं भी अपना ब्लड प्रेशर चेक कराया और केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य जांच सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की सतत निगरानी और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!