स्लीमनाबाद में 24 सितंबर को लगेगा जन-विश्वास शिविर
23 पंचायतों के नागरिकों की समस्याओं का होगा निराकरण, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का मिलेगा लाभ

23 पंचायतों के नागरिकों की समस्याओं का होगा निराकरण, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का मिलेगा लाभ,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 24 सितंबर को ग्राम पंचायत स्लीमनाबाद में शिविर आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर आयोजित होने वाले इस शिविर में स्लीमनाबाद और कौडिया क्लस्टर की कुल 23 पंचायतों के नागरिक अपनी समस्याएं और आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
शिविर में स्लीमनाबाद क्लस्टर की 12 पंचायतें—स्लीमनाबाद, छपरा, सिहुडीछपरा, सलेयाफाटक, बंधी स्टेशन, मतवारा, लखनवारा, तेवरी, गुदरी, संसारपुर, भेड़ा और बिचुआ तथा कौडिया क्लस्टर की 11 पंचायतें—कौडिया, खिरहनी, बंधी, बंधीधूरी, सलेयाप्यासी, मवई, देवरी, चरगवां, पहरूआ, जुझारी और बड़खेरा भरदा शामिल हैं।
लंबित प्रकरणों के निराकरण पर रहेगा जोर
शिविर में सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनके निराकरण की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित पात्र हितग्राहियों के आवेदनों पर भी कार्रवाई की जाएगी, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिविर में उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और अधिक से अधिक प्रकरणों का मौके पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय सेवाओं और योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।




