इन्द्रानगर चोरीकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई, चोरी का माल बरामद

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई, चोरी का माल बरामद।
राजेश कुमार तिवारी
कटनी। कुठला थाना क्षेत्र के इन्द्रानगर में घर का ताला तोड़कर जेवरात और नगदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और नगदी रकम बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार इन्द्रानगर गली नंबर-1 निवासी राकेश केशरवानी ने 13 सितंबर को कुठला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि 12 सितंबर की शाम वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घर से बाहर गया था। रात करीब 12:30 बजे पत्नी ने घर से कुछ टूटने जैसी आवाज आने की जानकारी दी, लेकिन परिवार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। करीब 1 बजे घर लौटने पर बाहरी दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर पहुंचने पर आलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था।
जांच के दौरान पता चला कि अज्ञात चोर घर से सोने की चैन, लॉकेट, पंचाली, अंगूठी, बच्चों के सोने के लॉकेट सहित चांदी के आभूषण, चांदी के बर्तन और नगदी रकम चोरी कर ले गया था। शिकायत पर कुठला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 832/26 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। संभावित ठिकानों पर लगातार जांच और पूछताछ के बाद पुलिस को सफलता मिली।
पुलिस ने 21 सितंबर को इन्द्रानगर गली नंबर-6 निवासी लाला उर्फ मुकेश निषाद, उम्र 24 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मोहित के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और नगदी रकम बरामद कर विधिवत जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले में आरोपी के साथी मोहित की भूमिका को लेकर भी पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक श्यामनारायण सिंह, प्रधान आरक्षक रामेश्वर सिंह, अजय यादव, राहुल मिश्रा, मोनी गुप्ता, आरक्षक विजय प्रजापति, पुष्पेन्द्र त्रिपाठी सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




