गणेश उत्सव से पहले व्यवस्थाओं को लेकर महापौर का निरीक्षण
गणेश चौक में सफाई, प्रकाश और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

गणेश चौक में सफाई, प्रकाश और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
राजेश कुमार तिवारी
कटनी। आगामी गणेश उत्सव और गणेश चौक में आयोजित होने वाले वार्षिक मेले को लेकर नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शनिवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने गणेश चौक पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और निगम अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महापौर ने गणेश चतुर्थी से अनंत चतुर्दशी तक गणेश चौक और आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। प्रतिमा स्थापना स्थलों और पंडालों के आसपास नियमित कीटनाशक दवा के छिड़काव के साथ पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखने को कहा गया, ताकि आयोजन के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बनी रहे।
सड़क और रोशनी व्यवस्था पर जोर
महापौर ने गणेश चौक तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों का निरीक्षण करते हुए सड़क पर मौजूद गड्ढों की आवश्यकतानुसार भराई और मार्ग को समतल कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उत्सव के दौरान पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और जरूरत के अनुसार पेयजल उपलब्ध कराने को भी कहा।
मेले में दुकानें तय स्थान पर लगाने के निर्देश
वार्षिक मेले के दौरान बड़ी संख्या में दुकानें लगने को देखते हुए महापौर ने फुटकर व्यापारियों को निर्धारित स्थानों पर ही दुकानें लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुकानों के कारण मुख्य मार्ग और आवागमन बाधित नहीं होना चाहिए।
महापौर ने अधिकारियों को यातायात विभाग के साथ समन्वय कर व्यवस्था बनाने तथा अतिक्रमण दस्ते को सक्रिय रखने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन मिल सके।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि गणेश चौक का वार्षिक मेला शहरवासियों के लिए खास आकर्षण का केंद्र है। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए नगर निगम द्वारा सफाई, प्रकाश, पेयजल, सड़क और यातायात सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त की जाएंगी।




