चंडिका देवी मंदिर के सामने सड़क बदहाल, गड्ढों में भरा पानी; रहवासियों ने की सड़क निर्माण की मांग

चंडिका देवी मंदिर के सामने सड़क बदहाल, गड्ढों में भरा पानी; रहवासियों ने की सड़क निर्माण की मांग,
राजेश कुमार तिवारी
कटनी। कुठला क्षेत्र के चंडिका देवी नगर स्थित चंडिका देवी मंदिर के सामने सड़क की हालत इन दिनों बेहद खराब है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश का पानी जमा होने से राहगीरों और स्थानीय रहवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रहवासियों का कहना है कि सड़क लंबे समय से खराब स्थिति में है और बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। पानी जमा रहने के कारण सड़क पर पैदल चलने के साथ ही दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से सड़क की स्थिति का शीघ्र निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत कराने और आवश्यकतानुसार सड़क का निर्माण कराने की मांग की है। रहवासियों का कहना है कि सड़क दुरुस्त होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और जलभराव की समस्या से भी राहत मिल सकेगी।




