युवक का अपहरण कर बंधक बनाने और बेरहमी से मारपीट के मामले में दो गिरफ्तार
रेलवे स्टेशन से जबरन ऑटो में बैठाकर ले जाने का आरोप, सिगरेट से हाथ-पहले जलाने की शिकायत; दो आरोपी फरार

कटनी। कोतवाली थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण, बंधक बनाकर मारपीट और सिगरेट से जलाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अजय उर्फ अन्नू माली और उसके साथी साहिल खान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी अमन और उसका एक साथी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक 15 सितंबर को पंकज मेहरा, निवासी गायत्री नगर कटनी, ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 12 सितंबर की सुबह वह कटनी रेलवे स्टेशन के बाहर ऑटो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उसका पुराना परिचित अजय उर्फ अन्नू माली स्कूटी से वहां पहुंचा और बातचीत के बहाने उसे मघई मंदिर के पास अपने घर ले गया।
आरोप है कि घर पहुंचने के बाद अन्नू माली ने अपने साथियों को बुलाया और पुरानी बात को लेकर पंकज के साथ लात-घूंसों और बेल्ट से मारपीट की। किसी तरह वहां से निकलकर पंकज रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच पहुंचा, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गए। आरोपियों ने उसे जबरन ऑटो में बैठाया और एनकेजे बजरिया स्थित मकान में ले जाकर एक कमरे में बंद कर दिया।
शिकायत के अनुसार वहां भी उसके साथ मारपीट की गई। इसी दौरान एक आरोपी द्वारा सिगरेट से उसके हाथ और पीठ को जलाने का आरोप है। शाम करीब छह बजे पंकज आरोपियों के चंगुल से निकलकर भाग गया और भय के कारण जबलपुर चला गया। इसके बाद 15 सितंबर को अपने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अजय उर्फ अन्नू माली को मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसके बताए आधार पर साहिल खान को कुठला क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में अन्नू माली ने बताया कि पंकज पूर्व में उसके यहां काम करता था और करीब दो वर्ष पहले काम छोड़ चुका था। फोटो और दस्तावेज वापस नहीं करने को लेकर दोनों के बीच विवाद था। इसी विवाद के चलते पंकज को अपने साथ ले जाने और साथियों को बुलाकर मारपीट करने की बात सामने आई है।
पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में फरार अमन और उसके एक अन्य साथी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय और पुलिस टीम द्वारा की गई।
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24




