उधारी के सामान को लेकर विवाद, चार आरोपियों ने युवक से की मारपीट; झिंझरी पुलिस ने दबोचा
लाठी-डंडों से हमला कर बाइक में की तोड़फोड़, पुलिस ने आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर हथियार किए जब्त

लाठी-डंडों से हमला कर बाइक में की तोड़फोड़, पुलिस ने आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर हथियार किए जब्त,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र की चौकी झिंझरी पुलिस ने मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ के मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ कर घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे सहित अन्य आलाजरब भी जब्त किए हैं। मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम गनियारी निवासी विक्रम तिवारी (38) ने 30 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई थी कि उधारी में सामान लेने की बात को लेकर उसका प्रेमलाल वर्मन के बेटे से विवाद हो गया था। इसी विवाद के चलते शाम करीब 5:30 बजे प्रेमलाल वर्मन, उसका बेटा आशीष वर्मन, भाई विजय वर्मन और भतीजा विकास वर्मन ने शासकीय स्कूल गनियारी के सामने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की। आरोपियों पर उसकी मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ करने का भी आरोप है।
शिकायत के आधार पर माधवनगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 884/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण कायम कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी। मंगलवार, 1 सितंबर को पुलिस ने प्रेमलाल वर्मन, विजय वर्मन, विकास वर्मन और एक विधि-विरुद्ध बालक को तलाश कर अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आलाजरब भी जब्त किया है। मामले में आरोपी प्रेमलाल वर्मन और फरियादी विक्रम तिवारी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड होने तथा उनके विरुद्ध पहले भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक तथा माधवनगर थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव के मार्गदर्शन में की गई। चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश कुमार दुबे के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक सतीश भगत, प्रधान आरक्षक पंकज त्रिपाठी, आरक्षक संजय यादव और अजय सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




