कन्हवारा में रामकथा का भक्तिमय तीसरा दिन, शिव-पार्वती विवाह प्रसंग ने बांधा समां
कन्हवारा

कन्हवारा में रामकथा का भक्तिमय तीसरा दिन, शिव-पार्वती विवाह प्रसंग ने बांधा समां,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। कन्हवारा स्थित प्राचीन गौरी शंकर मंदिर में आयोजित अति भव्य श्रीराम कथा के तृतीय दिवस मंगलवार को श्रद्धालुओं ने शिव-पार्वती विवाह और भगवान श्रीराम के अवतार से जुड़े प्रसंगों का श्रवण किया। वृंदावन धाम से पधारी कथा वाचिका पूज्य प्रिया किशोरी जी ने कथा के माध्यम से भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह की महिमा तथा श्रीराम अवतार के उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कथा के दौरान उन्होंने बताया कि भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह सृष्टि के कल्याण से जुड़ा दिव्य प्रसंग है। वहीं भगवान श्रीराम का अवतार धर्म की स्थापना और अधर्म के विनाश के लिए हुआ। कथा वाचिका द्वारा प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किए जाने पर श्रद्धालु भक्तिमय वातावरण में डूबे नजर आए। इस दौरान पंडाल में लगातार ‘जय श्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंजते रहे।
बारिश के बीच भी कथा सुनने पहुंची बड़ी संख्या में श्रद्धालु
कथा के तीसरे दिन मौसम ने भी करवट ली और क्षेत्र में बारिश का दौर जारी रहा। इसके बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पहुंचे और बारिश के बीच भी कथा का श्रवण किया। मंदिर परिसर में आयोजित श्रीराम जन्मोत्सव को लेकर विशेष सजावट की गई थी। मंच को फूलों, झालरों और रंगीन रोशनी से आकर्षक रूप दिया गया।
कथा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह
कथा आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, कथा के आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए मंदिर समिति द्वारा बैठने और प्रसाद की व्यवस्था की गई है।
आयोजन में मंदिर के मुख्य पुजारी श्री रवि चौरहा, श्री महेश दत्त चौबे, कृष्ण कुमार शास्त्री, भरत लाल तिवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
ये कार्यक्रम रहेंगे
श्रीराम कथा: 23 अगस्त तक, प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक
पार्थिव शिवलिंग निर्माण: 20 से 24 अगस्त
महाप्रसाद एवं भंडारा: 24 अगस्त, दोपहर 1 बजे
स्थान: प्राचीन गौरी शंकर मंदिर, कन्हवारा




