Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़

शारदा माता मंदिर चोरी का खुलासा, विजयराघवगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता

एक दर्जन से अधिक चोरी की वारदातों का खुलासा, करीब 12 लाख रुपये का माल बरामद

एक दर्जन से अधिक चोरी की वारदातों का खुलासा, करीब 12 लाख रुपये का माल बरामद,

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। विजयराघवगढ़ स्थित प्रसिद्ध शारदा माता मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी पहले से सिवनी जेल में बंद है और एक बाल अपचारी फरार बताया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने कटनी सहित सतना, सिवनी और दमोह जिलों में मंदिरों एवं सूने मकानों में चोरी की कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं थाना प्रभारी विजयराघवगढ़ निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, मंदिरों से चोरी किए गए मुकुट एवं छत्र सहित सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई है। जब्त माल की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।
मंदिर के 6-7 ताले तोड़कर की थी चोरी
पुलिस के अनुसार 24-25 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने विजयराघवगढ़ स्थित शारदा माता मंदिर के 6-7 ताले तोड़कर गर्भगृह में प्रवेश किया था। आरोपियों ने माता शारदा का चांदी का मुकुट, चांदी का छत्र, सोने का लॉकेट, भगवान नरसिंह का मुकुट एवं छत्र तथा दानपेटी में रखी नकदी चोरी कर ली थी। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आरोपी मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उखाड़कर ले गए थे।
मंदिर की देखरेख करने वाले मुकेश त्रिपाठी की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिला सुराग
पुलिस टीम ने मंदिर के आसपास आने-जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में तलाशी और संदिग्धों से पूछताछ की गई। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि 19 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे एक सफेद रंग की कार ग्राम पड़खुरी होते हुए मैहर की ओर जा रही है।
सूचना पर विजयराघवगढ़ पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका। कार में राजा उर्फ मोहन साहू और उसकी पत्नी राजनंदनी साहू सवार मिले। पूछताछ के दौरान दोनों ने शारदा माता मंदिर सहित अन्य स्थानों पर चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया।
चार लोगों की टीम बनाकर करते थे चोरी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वाहन से चोरी करने के लिए निकलते थे। मौके पर पहुंचने के बाद दो आरोपी ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करते थे, जबकि दो साथी बाहर निगरानी करते थे। किसी व्यक्ति के आने की आहट होने पर बाहर मौजूद साथी अंदर गए आरोपियों को सतर्क करते थे। आरोपियों द्वारा मुख्य रूप से मंदिरों और सूने मकानों को निशाना बनाया जाता था।
इन वारदातों का हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने विजयराघवगढ़ के शारदा माता मंदिर, माधवनगर थाना क्षेत्र के पिपरौंध स्थित जैन मंदिर, बरही के रामजानकी मंदिर, बिलहरी क्षेत्र के हनुमान मंदिर, सतना जिले के उचेहरा क्षेत्र के राधाकृष्ण मंदिर और सत्य माता मंदिर सहित जिवारा, सरसवाही और अन्य स्थानों पर चोरी की वारदातें स्वीकार की हैं। इसके अलावा सिवनी के बंडोल थाना क्षेत्र स्थित मंदिर तथा दमोह जिले के एक मंदिर में भी चोरी करना बताया गया है।
करीब 12 लाख का माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन चांदी के त्रिकोणाकार मुकुट, चांदी के छत्र, चांदी का कमरबंद, चांदी की चूड़ियां, पायल, बिछिया, सोने का लॉकेट सहित अन्य चोरी का सामान और सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजा उर्फ मोहन साहू के विरुद्ध विभिन्न थानों में 31 अपराध दर्ज हैं, जबकि राजनंदनी साहू के विरुद्ध 9 अपराध तथा सिवनी जेल में निरुद्ध आदी उर्फ आदित्य बर्मन के विरुद्ध भी 9 अपराध दर्ज बताए गए हैं।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। बाल अपचारी की तलाश जारी है, जबकि सिवनी जेल में बंद आदी बर्मन को प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई के लिए लाया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से अभी पूछताछ जारी है और पूछताछ के आधार पर अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे, उनि रामकुमार झारिया, उनि शैलेन्द्र सिंह, महिला आरक्षक नेहा सिंह, आरक्षक पप्पू प्रजापति, वाहन चालक प्रधान आरक्षक मज्जू कोल सहित पुलिस टीम, मुखबिर एवं स्वतंत्र साक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!