Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

राष्ट्रपति भवन में कटनी के आरुष को मिला स्नेह और आशीर्वाद, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बांधी राखी

राष्ट्रीय पैरा जूडो चैंपियन आरुष सिंह को राष्ट्रपति ने देश के लिए खेलने और नाम रोशन करने के लिए किया प्रेरित

राष्ट्रीय पैरा जूडो चैंपियन आरुष सिंह को राष्ट्रपति ने देश के लिए खेलने और नाम रोशन करने के लिए किया प्रेरित,

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर कटनी के आरुष सिंह ने ऐसा गौरव हासिल किया है, जो जिले के लिए गर्व का विषय बन गया है। सी.डब्ल्यू.एस.एन. छात्रावास, प्रेमनगर के प्रतिभाशाली छात्र एवं राष्ट्रीय पैरा जूडो चैंपियनशिप में रजत पदक विजेता आरुष को रक्षाबंधन के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में देश की प्रथम नागरिक राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात का अवसर मिला।
इस दौरान राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने स्नेहपूर्वक आरुष की कलाई पर राखी बांधी। राष्ट्रपति से मिले इस आत्मीय स्नेह और आशीर्वाद से आरुष भावुक नजर आया। राष्ट्रपति ने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर मेहनत करने तथा जूडो के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रपति भवन में मिला यह सम्मान आरुष के लिए केवल एक यादगार क्षण नहीं, बल्कि उसके संघर्ष, मेहनत और खेल प्रतिभा की पहचान भी है। कलेक्टर कटनी श्री आशीष तिवारी के निर्देशन में आरुष को मिला यह अवसर जिले की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
राष्ट्रीय मंच पर आरुष ने रचा सफलता का अध्याय
आरुष की राष्ट्रपति भवन तक पहुंचने की कहानी उसकी निरंतर मेहनत और खेल के प्रति समर्पण से जुड़ी है। 14वीं नेशनल पैरा जूडो चैंपियनशिप-2025 में आरुष ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया था।
श्रीगंगानगर, राजस्थान में 19 से 23 दिसंबर 2025 तक आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में आरुष के बेहतरीन प्रदर्शन ने कटनी सहित पूरे मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया। मैट पर हासिल किया गया यही रजत पदक उसकी प्रतिभा की पहचान बना और आगे बढ़ने के नए अवसरों का रास्ता खोला।
राखी के धागे के साथ मिला सपनों को आगे बढ़ाने का आशीर्वाद
राष्ट्रपति द्वारा आरुष की कलाई पर राखी बांधने का पल उसके जीवन की यादगार स्मृतियों में शामिल हो गया। रक्षाबंधन के इस विशेष अवसर पर मिला राष्ट्रपति का स्नेह उसके लिए आत्मविश्वास और प्रेरणा का स्रोत बना।
राष्ट्रपति ने आरुष को खेल के क्षेत्र में लगातार मेहनत करने और देश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस मुलाकात ने आरुष के भीतर अपने लक्ष्य को हासिल करने के संकल्प को और मजबूत किया।
दिल्ली प्रवास में इतिहास और विरासत से भी हुआ परिचय
आरुष का दिल्ली प्रवास केवल राष्ट्रपति भवन में मिले सम्मान तक सीमित नहीं रहा। इस दौरान उसने प्रधानमंत्री संग्रहालय, अमृत उद्यान तथा किला राय पिथौरा प्रदर्शनी का भ्रमण किया।
इन ऐतिहासिक और ज्ञानवर्धक स्थलों के भ्रमण ने आरुष के दिल्ली प्रवास को खेल उपलब्धि के साथ-साथ ज्ञान, इतिहास और देश की विरासत से जुड़ी यादगार यात्रा बना दिया।
शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन से आरुष ने हासिल की उपलब्धि
आरुष की इस यात्रा और उपलब्धि में जिला शिक्षा केन्द्र, कटनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। आरुष के मार्गदर्शन एवं सहयोग में श्री अनिल त्रिपाठी, ए.पी.सी. (आई.ई.डी.), जिला शिक्षा केन्द्र, कटनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आरुष की उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी  सच्चिदानंद पाण्डेय, जिला परियोजना समन्वयक  प्रेमनारायण तिवारी, सहायक परियोजना समन्वयकगण, जिला शिक्षा केन्द्र के कर्मचारी, विकासखंड स्त्रोत केन्द्र समन्वयकगण, वार्डन, एम.आर.सी. एवं छात्रावास के कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आरुष को बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कटनी के एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी का राष्ट्रपति भवन तक पहुंचना न केवल आरुष की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह जिले की उन तमाम प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखती हैं और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर मेहनत कर रही हैं।
आरुष का दिल्ली प्रवास 30 अगस्त 2026 को वापसी के साथ संपन्न होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!