ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच निकली भव्य शोभायात्रा, पूज्य प्रिया किशोरी जी के दर्शन को उमड़ा जनसैलाब
कन्हवारा

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। कन्हवारा ग्राम में श्री राम कथा एवं पार्थिव शिवलिंग निर्माण कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व रविवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ गांव के प्राचीन गौरी शंकर मंदिर से हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में नजर आया।
शोभायात्रा शुरू होने से ठीक पहले तेज बारिश होने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। बारिश थमने के बाद बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक शोभायात्रा में शामिल हुए। वृंदावन धाम से पधारीं कथा वाचिका पूज्य प्रिया किशोरी जी फूलों से सुसज्जित रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलीं।
शोभायात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज और ‘जय श्री राम’ के जयघोष से पूरा कन्हवारा गुंजायमान रहा।
रथ के आगे श्रद्धालु सिर पर कलश, श्री रामचरित मानस एवं पूजन सामग्री लेकर चल रहे थे। मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर पूज्य प्रिया किशोरी जी का स्वागत किया और उनके दर्शन किए।
शोभायात्रा गांव के प्रतिष्ठित मां दिशहाई देवी मंदिर सहित विभिन्न देवालयों में पहुंची। यहां श्रद्धालुओं द्वारा श्रीफल अर्पित कर श्री राम कथा यज्ञ के निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की गई। इसके बाद शोभायात्रा वापस प्राचीन गौरी शंकर मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
मंदिर परिसर में पूज्य प्रिया किशोरी ने श्री रामचरित मानस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, सदाचार और भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मंदिर के मुख्य पुजारी रवि चौरहा, श्री राम दरबार मंदिर के पुजारी महेश दत्त चौबे, कृष्ण कुमार शास्त्री, भरत लाल तिवारी, जित्तू चौबे, नटराज विश्वकर्मा, रामेश्वर, आशीष पांडे, निश्सू पांडे, लोचन यादव, जिया लाल कुशवाहा, ओपी चक्रवर्ती, पुरुषोत्तम बाबा, धन्नी बर्मन, लाला रजक, गैलू कोल, गोरे कोल, नंदू लोधी, इंद्र कुमार, मनीष यादव, रोहित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
कार्यक्रम का आयोजन: श्री राम कथा 15 से 23 अगस्त तक, पार्थिव शिवलिंग निर्माण 20 से 24 अगस्त तक तथा महाप्रसाद 24 अगस्त को आयोजित किया जाएगा।




