Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

राष्ट्रीय खेल दिवस पर कटनी में दिखा खेल प्रतिभाओं का जोश, खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का हुआ सम्मान

वॉलीबाल, योग और रस्साकसी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, 30 अगस्त को निकलेगी साइकिल रैली

वॉलीबाल, योग और रस्साकसी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, 30 अगस्त को निकलेगी साइकिल रैली,

राजेश साधेलिया कटनी न्यूज 24 

कटनी। संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक कटनी के मार्गदर्शन में ‘‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’’ तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत जिले में राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न खेल गतिविधियों के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को माधवनगर इंडोर हॉल खेल मैदान में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पैरा एथलीट एवं पावरलिफ्टर शुभम चक्रवर्ती तथा विशिष्ट अतिथि जे.के. सीमेंट कटनी के यूनिट हेड प्रवीण सिंह मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिले के वरिष्ठ खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को उनके खेल क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्रीमती सुनीता यादव ने बताया कि अशोक राव, आलोक जोसफ, प्रताप निषाद, अनुराग फिटनेस ट्रेनर, सुश्री वृन्द्रा खरडा एवं लखन लाल साहू (योग संघ) सहित अन्य खेल प्रतिभाओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर वॉलीबाल, योग एवं रस्साकसी सहित विभिन्न खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। वॉलीबाल के बालक वर्ग में केंद्रीय विद्यालय आर्डिनेंस कटनी और ग्राम छहरी के बीच मैत्री मैच खेला गया, जिसमें केंद्रीय विद्यालय आर्डिनेंस कटनी की टीम विजेता रही।
रस्साकसी के बालिका वर्ग में कैमोर ने प्रथम और केंद्रीय विद्यालय एनकेजे कटनी ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं बालक वर्ग में केंद्रीय विद्यालय आर्डिनेंस कटनी ने प्रथम तथा ग्राम छहरी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को क्रीड़ा भारती कटनी के विजय गुप्ता द्वारा ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
रिले दौड़ में भी खिलाड़ियों ने बढ़ाया उत्साह
तीन दिवसीय अभियान के तहत खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर के अंतर्गत आर्डिनेंस खेल मैदान में रिले दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। बालक वर्ग में धर्मेन्द्र कुमार, हिमांशू कुमार, रावेन्द्र कोरी एवं दिलीप पटेल की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में काजल सेन, अंशिका यादव, सोनम निषाद एवं रागिनी वंशकार की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।
30 अगस्त को निकलेगी साइकिल रैली
राष्ट्रीय खेल दिवस के तीन दिवसीय आयोजन के अंतिम चरण में 30 अगस्त 2026 को सुबह 8 बजे से फारेस्टर खेल मैदान से साइकिल रैली निकाली जाएगी। जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने जिले के खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर साइकिल रैली को सफल बनाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!