87 फीसदी पेंशन हितग्राहियों का डिजिटल सत्यापन पूरा, शेष कार्य में तेजी के निर्देश

87 फीसदी पेंशन हितग्राहियों का डिजिटल सत्यापन पूरा, शेष कार्य में तेजी के निर्देश,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों के डिजिटल जीवन प्रमाणन (डीएलसी) कार्य को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। मंगलवार को उपायुक्त शैलेश गुप्ता ने वार्डवार डीएलसी की प्रगति की समीक्षा की और शेष हितग्राहियों का डिजिटल प्रमाणन शीघ्र पूरा कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
समीक्षा के दौरान सामने आया कि नगर निगम क्षेत्र में अब तक करीब 87 प्रतिशत पेंशन हितग्राहियों का डिजिटल जीवन प्रमाणन पूरा हो चुका है। वहीं वार्ड क्रमांक 1, 2, 6, 8, 9, 28, 30, 32, 34, 44 और 45 में कुछ हितग्राहियों का डीएलसी कार्य अभी लंबित है।
उपायुक्त शैलेश गुप्ता ने संबंधित अमले को निर्देश दिए कि शेष हितग्रियों से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य शाखा के वार्ड दरोगा और स्वच्छता निरीक्षक आपसी समन्वय से हितग्रियों तक पहुंच बनाएं। आवश्यकता होने पर वार्ड पार्षदों का सहयोग लेकर भी लंबित डीएलसी कार्य पूरा कराया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र पेंशन हितग्राही डिजिटल प्रमाणन के अभाव में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभ से वंचित न रहे। साथ ही प्रत्येक हितग्राही का फील्ड स्तर पर विधिवत सत्यापन करने के बाद ही डिजिटल प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने डीएलसी कार्य की नियमित निगरानी करने और लंबित प्रकरणों का समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बैठक में स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। पेंशन शाखा के लिपिक सुनील जार भी बैठक में उपस्थित रहे।




