माधवनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई: लूट के दो आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, मोबाइल और बाइक बरामद

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। माधवनगर थाना पुलिस ने लूट की वारदात का चंद घंटों में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2026 को फरियादी अंजू बर्मन पिता शंकर बर्मन, निवासी निवार, ने थाना माधवनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि दोपहर करीब 1 बजे वह बाथरूम जाने के लिए खड़ा था और मोबाइल देख रहा था। इसी दौरान कुम्हार मोहल्ला निवासी विक्की कोल अपने साथी जय चौहान के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा। दोनों आरोपियों ने फरियादी के साथ मारपीट करते हुए उसके पास से मोबाइल फोन और 1,100 रुपये छीन लिए और मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।
फरियादी की रिपोर्ट पर माधवनगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव ने पुलिस टीम को तत्काल सक्रिय किया। टीम ने आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस की तत्परता के चलते दोनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की कोल पिता कैलाश कोल, उम्र 23 वर्ष तथा जय चौहान पिता रामसुजान, उम्र 34 वर्ष, दोनों निवासी कुम्हार मोहल्ला, माधवनगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी (अजाक) शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में की गई।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
माधवनगर पुलिस की इस कार्रवाई में सउनि राजेश बागरी, प्रधान आरक्षक विनोद विश्वकर्मा, आरक्षक लोकेन्द्र सिंह, राजेश साहू, विजय सिंह, मणि सिंह एवं रोहित सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




