Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

एमआईसी बैठक में शहर विकास के कई प्रस्तावों को मिली मंजूरी, 103 हितग्राहियों की आवास सूची अनुमोदित

✍️ विकास साहू 

कटनी। नगर पालिक निगम कटनी में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की अध्यक्षता में मंगलवार को मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) की बैठक आयोजित हुई। दोपहर 3 बजे से हुई बैठक में शहर की स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सीवरेज व्यवस्था, आउटसोर्स कर्मचारियों, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। कई प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष शिब्बू साहू, सुरेंद्र गुप्ता, जयनारायण निषाद, उमेंद्र अहिरवार, सुमन राजू माखीजा सहित नगर निगम के उपायुक्त शैलेश गुप्ता एवं प्रियंका झारिया मौजूद रहे।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर लिया निर्णय
बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रावधानों के अनुरूप थोक अपशिष्ट उत्पादकों के चिन्हांकन, उनके दायित्वों तथा केंद्रीय पोर्टल पर पंजीयन को लेकर चर्चा हुई। प्रसंस्करण प्लांट में एकत्र पुराने कचरे के निस्तारण एवं प्रसंस्करण के लिए निविदा संबंधी प्रस्ताव पर भी विचार किया गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई।
आउटसोर्स कर्मचारियों की अवधि बढ़ाने पर सहमति
नगर निगम की विभिन्न सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए आउटसोर्स श्रमिकों की स्वीकृति तथा विद्युत, जलप्रदाय, कर्मशाला और अतिक्रमण शाखा में पूर्व से कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों की स्वीकृति अवधि बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। अतिक्रमण शाखा के लिए कर्मचारियों की स्वीकृति 31 अगस्त तक किए जाने का निर्णय लिया गया।
सीवरेज व्यवस्था के लिए 17.80 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत
कटनी नदी को प्रदूषण से बचाने और सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़े प्रस्ताव पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। गाटर घाट, मोहन घाट और मसूरहा घाट से मिलने वाले नालों सहित नदी के आसपास के क्षेत्रों से निकलने वाले अपशिष्ट जल के इंटरसेप्शन एवं डायवर्सन, प्रस्तावित ट्रीटमेंट यूनिट तथा उपचारित सीवरेज के पुनर्चक्रण से जुड़े शेष कार्यों के भुगतान के लिए पूर्व स्वीकृत राशि के अतिरिक्त नियमानुसार 18 प्रतिशत जीएसटी की राशि 17.80 लाख रुपये स्वीकृत की गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना के 103 हितग्राहियों को मंजूरी
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत गठित दल द्वारा आवेदनों के परीक्षण एवं सत्यापन के बाद एएचपी घटक के तहत प्रस्तुत 103 हितग्राहियों की सूची का एमआईसी सदस्यों ने अनुमोदन किया।
वहीं विभिन्न वार्डों के मार्गों और चौराहों के नामकरण से संबंधित प्रस्ताव पर पूरी जानकारी के साथ प्रकरण आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
रेलवे स्टेशन के पास वाणिज्यिक केंद्र का प्रस्ताव परिषद में जाएगा
प्रमोटर स्कीम के अंतर्गत कटनी रेलवे स्टेशन के पास स्थित विश्राम गृह क्रमांक-2 के स्थान पर वाणिज्यिक केंद्र निर्माण से जुड़े प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। एमआईसी ने प्रकरण को स्वीकृति के लिए नगर निगम परिषद के आगामी सम्मिलन में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निगम स्कूलों में 12 शिक्षकों की नियुक्ति को मंजूरी
नगर निगम द्वारा संचालित विद्यालयों में शिक्षकों एवं सहायकों की आवश्यकता को लेकर भी प्रस्ताव पर चर्चा हुई। प्राचार्यों की मांग के आधार पर केसीएस स्कूल में 7, साधूराम स्कूल में 3 और ए. रविन्द्रराव स्कूल में 2 शिक्षकों, यानी कुल 12 शिक्षकों को रखे जाने की स्वीकृति सर्वसम्मति से प्रदान की गई।
बैठक में कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह एवं सुधीर मिश्रा, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, आदेश जैन, मोना करेरा, मृदुल श्रीवास्तव, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और नगर निगम के तीनों विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!