लमतरा औद्योगिक क्षेत्र में ‘उद्यम संवाद’: उद्योगपतियों की समस्याओं पर कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत आयोजित हुआ संवाद कार्यक्रम, कलेक्टर आशीष तिवारी ने उद्यमियों को दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत आयोजित हुआ संवाद कार्यक्रम, कलेक्टर आशीष तिवारी ने उद्यमियों को दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत लमतरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित यूनियन पल्सेस परिसर में ‘उद्यम संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर आशीष तिवारी ने की। इस दौरान औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों ने उद्योग संचालन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों को कलेक्टर एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष रखा।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्योगों के सुचारू संचालन में आने वाली समस्याओं और बाधाओं का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। प्रशासन की प्राथमिकता है कि उद्यमियों को बेहतर वातावरण मिले और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा सके।
अतिक्रमण सहित विभिन्न मुद्दे उठे
संवाद के दौरान लमतरा औद्योगिक क्षेत्र में अतिक्रमण से जुड़ी समस्या भी उद्यमियों ने कलेक्टर के समक्ष रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने एसडीएम जितेन्द्र कुमार पटेल को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समस्या का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा उद्यमियों ने उद्योग संचालन से संबंधित अन्य समस्याओं और आवश्यकताओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया। कलेक्टर ने प्रत्येक विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उद्योग संघ सहित बड़ी संख्या में उद्यमी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम जितेन्द्र कुमार पटेल, डीएसपी शिवा पाठक, तहसीलदार अजीत तिवारी, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र श्रीमती ज्योति सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
लमतरा उद्योग संघ के अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित भारती (कोरोशन एवं बैग प्रिंटिंग), अनुराग जैन (यूनियन एग्रो एवं यूनियन पल्सेस), संजय असरानी (राजवीर इंडस्ट्रीज) सहित बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयों के संचालक एवं उद्यमी कार्यक्रम में शामिल हुए।
‘उद्यम संवाद’ के माध्यम से प्रशासन और उद्योग जगत के बीच सीधे संवाद का अवसर मिला, जिसमें उद्यमियों ने अपनी समस्याएं रखीं और अधिकारियों ने उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।




