नन्हीं बेटियों ने कलेक्टर की कलाई पर बांधी राखी, आंगनवाड़ी केंद्र में दिखा अपनत्व का भावुक पल
हर्षिता की कविता ने जीता कलेक्टर का दिल, कलेक्टर ने बच्चों को दिए चॉकलेट और उपहार

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के दौरान डिठवारा आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों से संवाद कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी, 29 अगस्त। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत शासन की योजनाओं की जमीनी स्थिति जानने निकले कलेक्टर आशीष तिवारी जब विकासखंड कटनी के ग्राम डिठवारा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचे, तो निरीक्षण के दौरान एक भावुक और आत्मीय पल सामने आया। नन्हीं बेटियों ने कलेक्टर की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के स्नेह का रिश्ता कायम किया। कलेक्टर ने भी सहजता और आत्मीयता के साथ बच्चियों से राखी बंधवाई और उन्हें चॉकलेट व उपहार देकर उनका उत्साह बढ़ाया।
आंगनवाड़ी केंद्र में पहुंचते ही कलेक्टर ने बच्चों से बातचीत कर उनकी दिनचर्या, पढ़ाई, गतिविधियों, नाश्ते और केंद्र में मिलने वाली अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने आंगनवाड़ी सहायिका श्रीमती करुणा शुक्ला से केंद्र में दर्ज बच्चों के आधार कार्ड, समग्र आईडी सहित आवश्यक दस्तावेजों की स्थिति की जानकारी भी ली।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी केंद्र से जुड़े प्रत्येक बच्चे के आवश्यक दस्तावेज पूर्ण होने चाहिए, ताकि शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने में किसी भी बच्चे को परेशानी न हो।
नन्हीं हर्षिता की कविता ने बटोरी सराहना
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर आशीष तिवारी की नजर नन्हीं बालिका हर्षिता राजपूत पर पड़ी। उन्होंने हर्षिता से कविता सुनाने को कहा। हर्षिता ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी मासूम आवाज में ‘हाथी राजा कहाँ चले…’ कविता सुनाई।
नन्हीं बालिका की प्रस्तुति और आत्मविश्वास देखकर कलेक्टर के चेहरे पर भी मुस्कान आ गई। उन्होंने हर्षिता को चॉकलेट देकर उसका उत्साहवर्धन किया। यह छोटा-सा संवाद बच्चों के प्रति स्नेह और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का संदेश देता नजर आया।
राखी बंधवाकर बेटियों को दिया स्नेह और उपहार
आंगनवाड़ी केंद्र में सबसे भावुक क्षण उस समय आया, जब नन्हीं बालिकाएं संजना राजपूत और हर्षिता राजपूत कलेक्टर की कलाई पर राखी बांधने पहुंचीं। कलेक्टर आशीष तिवारी ने दोनों बच्चियों से स्नेहपूर्वक राखी बंधवाई और उन्हें चॉकलेट व उपहार भेंट किए।
कलेक्टर ने बच्चों से नियमित रूप से आंगनवाड़ी केंद्र आने और यहां होने वाली गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए भी कहा। इस दौरान आंगनवाड़ी केंद्र का माहौल कुछ देर के लिए औपचारिक निरीक्षण से हटकर पारिवारिक और आत्मीय नजर आया।
अधिकारियों की मौजूदगी में योजनाओं की जमीनी स्थिति का लिया जायजा
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत किए गए इस निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य, एसडीएम कटनी श्री जितेंद्र पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
डिठवारा आंगनवाड़ी केंद्र में हुआ यह स्नेहपूर्ण पल जहां बच्चों के लिए यादगार बन गया, वहीं कलेक्टर का बच्चों के साथ सहज संवाद और आत्मीय व्यवहार भी चर्चा का विषय रहा।




