कटनी में नशे में ऑटो चलाना पड़ा भारी, एएसपी ने मौके पर की ब्रेथ एनालाइजर से जांच
यातायात पुलिस की कार्रवाई, चालक के खिलाफ धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज

यातायात पुलिस की कार्रवाई, चालक के खिलाफ धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज,
विकास साहू कटनी न्यूज 24
कटनी। जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कसने के लिए कटनी पुलिस द्वारा लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शहर भ्रमण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य चांडक चौक पहुंचे और यातायात व्यवस्था के साथ वाहन चेकिंग का जायजा लिया।
मौके पर यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह पुलिस बल के साथ वाहन चालकों की जांच कर रहे थे। एएसपी कमल मौर्य ने भी मौके पर वाहन चालकों की जांच में हिस्सा लिया और स्वयं ब्रेथ एनालाइजर से चालकों की जांच की।
इसी दौरान एक ऑटो चालक के ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस के अनुसार चालक की पहचान सीताराम गुप्ता पिता तुलसी राम गुप्ता, निवासी अमीरगंज, कटनी के रूप में हुई है। शराब के नशे में ऑटो चलाते पाए जाने पर यातायात पुलिस ने उसके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की।
नशे में वाहन चलाने वालों पर जारी रहेगा शिकंजा
एएसपी कमल मौर्य ने यातायात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों की नियमित जांच की जाए और ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस का कहना है कि नशे की हालत में वाहन चलाना चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। कटनी पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं और सुरक्षित यातायात के लिए नियमों का पालन करें।




