354 पशुओं का क्रूरता पूर्वक परिवहन, 7 आरोपी गिरफ्तार; 12 चक्का ट्रक जब्त

354 पशुओं का क्रूरता पूर्वक परिवहन, 7 आरोपी गिरफ्तार; 12 चक्का ट्रक जब्त
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। जिले में पशुओं के अवैध एवं क्रूरता पूर्वक परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में माधवनगर थाना क्षेत्र की निवार चौकी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध परमिट 354 पशुओं का परिवहन कर रहे 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 12 चक्का टाटा ट्रक क्रमांक MP17HH3130 भी जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक 12 चक्का ट्रक में बड़ी संख्या में भेड़-बकरियों को बिना वैध परमिट के अत्यधिक संख्या में भरकर कटनी से जबलपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर निवार चौकी पुलिस ने कटनी-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-30 पर लखापतेरी स्थित पंछी ढाबा के सामने वाहन को रोककर जांच की।
जांच के दौरान ट्रक में कुल 354 पशु पाए गए। इनमें 310 जीवित भेड़, 4 मृत भेड़ तथा 40 बकरी-बकरे शामिल हैं। पुलिस के अनुसार पशुओं को वाहन के अंदर दो पार्टिशन बनाकर क्षमता से अधिक संख्या में और क्रूरता पूर्वक भरा गया था। वहीं, पशुओं के परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज और वैध परमिट भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले में जितेन्द्र कुमार वर्मा, मोहम्मद मुस्तफा उर्फ बबलू, संतालाल गोंड, रनबहादुर सिंह, बब्बन सिंह, गुरुदेव सिंह और अशोक शुक्ला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने ट्रक और सभी 354 पशुओं को जब्त करते हुए आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(क), 11(ए)(ई) तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 66/192(ए) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई निवार चौकी प्रभारी सउनि. अंजनी कुमार मिश्र के नेतृत्व में की गई। टीम में सउनि. कमलेश प्रसाद शुक्ला, प्रधान आरक्षक गौरव सेन और प्रधान आरक्षक संतोष प्रजापति शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध और पशु क्रूरता से जुड़े परिवहन पर शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।




