छठ पूजा को लेकर नगर निगम अलर्ट, घाटों पर रहेंगी विशेष व्यवस्थाएं
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां, 14 से 17 नवंबर तक चलेगा विशेष व्यवस्था अभियान

निगमायुक्त तपस्या परिहार ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां, 14 से 17 नवंबर तक चलेगा विशेष व्यवस्था अभियान,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। छठ पूजा पर्व को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभागवार जिम्मेदारियां सौंपते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश जारी किए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 नवंबर से 17 नवंबर 2026 तक कटायेघाट, बाबाघाट, छपरवाह घाट-मंगलनगर एवं बजरंग कॉलोनी घाट-एनकेजे सहित छठ पूजा के प्रमुख स्थलों पर नगर निगम द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। संपूर्ण व्यवस्था की निगरानी एवं विभागों के बीच समन्वय की जिम्मेदारी निगम उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया को सौंपी गई है।
घाटों पर सफाई से लेकर रोशनी और पेयजल तक की व्यवस्था
छठ पर्व के दौरान घाटों एवं वहां तक पहुंचने वाले मार्गों की विशेष साफ-सफाई, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, मवेशियों पर नियंत्रण तथा स्वच्छता व्यवस्था की जिम्मेदारी स्वास्थ्य शाखा को दी गई है। वहीं घाटों पर आवश्यक मरम्मत, तकनीकी सुधार एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए निर्माण विभाग के अधिकारियों को दायित्व सौंपा गया है।
इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए घाटों एवं आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता तथा जरूरत के अनुसार पानी के टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
समय-सीमा में पूरी हों तैयारियां
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और छठ पूजा प्रारंभ होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर लें। निगम प्रशासन का उद्देश्य है कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिले और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।




