छठ महापर्व की तैयारियों का महापौर ने लिया जायजा, तीन प्रमुख घाटों का किया निरीक्षण
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने निगम अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाबा घाट, बजरंग घाट एवं छपरवाह घाट पहुंचकर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
घाटों की सफाई और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्देश दिए कि छठ महापर्व से पहले सभी घाटों एवं वहां तक पहुंचने वाले मार्गों की साफ-सफाई का कार्य प्राथमिकता से पूरा किया जाए। घाटों की सीढ़ियों, नदी किनारे एवं आसपास जमा कचरे और गाद की सफाई कराई जाए। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा घाटों एवं आवागमन मार्गों पर चूने की लाइनिंग कराने के निर्देश दिए।
महापौर ने घाट परिसर और पहुंच मार्गों पर झुकी हुई पेड़ों की टहनियों की छंटाई कराने, मच्छरों एवं अन्य कीटों से बचाव के लिए नियमित दवा का छिड़काव और फॉगिंग कराने के साथ ही घाटों की पुताई का कार्य भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा।
बजरंग और छपरवाह घाट पर रेलिंग निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महापौर ने बजरंग घाट एवं छपरवाह घाट पर रेलिंग लगाए जाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने संबंधित उपयंत्रियों को दोनों घाटों पर रेलिंग निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर आगामी समय में निर्माण कार्य कराया जा सके।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु परिवार सहित घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर समय-सीमा में तैयारियां पूरी करें, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके।
ये रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी एवं सुभाष साहू, क्षेत्रीय पार्षद संतोष शुक्ला, श्रीमती प्रभा गुप्ता एवं शकुंतला सोनी, सहायक यंत्री मोना करेरा, उपयंत्री जे.पी. सिंह बघेल, राजललित गुमास्ता, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी निशांत कनौजिया सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




