बरही अग्निकांड के मृतकों को कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि, मिशन चौक पर कैंडल जलाकर जताया शोक
Katni

बरही अग्निकांड के मृतकों को कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि, मिशन चौक पर कैंडल जलाकर जताया शोक,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। बरही में हुए भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत से पूरे जिले में शोक की लहर है। इस हृदयविदारक घटना से व्यथित कांग्रेसजनों ने मिशन चौक, कटनी में कैंडल जलाकर सभी छह दिवंगतों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेसजनों एवं गणमान्य नागरिकों ने मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत आत्माओं को नमन किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि एक ही परिवार के छह सदस्यों का इस तरह असमय दुनिया से चले जाना बेहद दुखद और अपूरणीय क्षति है। इस कठिन समय में कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करती है।
उन्होंने अग्निकांड को लेकर शासन-प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते पर्याप्त अग्निशमन संसाधन उपलब्ध होते और फायर ब्रिगेड की गाड़ी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचती, तो शायद छह अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सकता था। यह घटना आपातकालीन सेवाओं और अग्निशमन व्यवस्था की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
एडवोकेट शुक्ला ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और घटना के लिए जिम्मेदार व्यवस्थागत लापरवाही की जवाबदेही तय की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
उन्होंने कहा कि बरही का यह अग्निकांड केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि पूरे समाज को झकझोर देने वाली घटना है। ऐसी घटनाओं से सबक लेते हुए अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता है।
श्रद्धांजलि सभा में ये रहे उपस्थित
इस दौरान शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला, राकेश जैन कक्का, राजा जगवानी, रजनी वर्मा, अरुण मामा कनोजिया, राजेश जाटव, जितेंद्र गुप्ता, अजय जैसवानी, देवीदीन गुप्ता, मोसुफ अहमद बिट्टू, गुलाम जाफर, अजय कोल, संजय गुप्ता, राजकुमार विश्वकर्मा, श्वेता कटारे, अदिति वर्मा, सलाहुद्दीन खान, अंशु गुप्ता, मोहम्मद फरीद, जॉर्ज डेविड, रमेश अहिरवार, अशोक बहलानी, अभय गौतम, जितेंद्र चौबे एवं शरद पाल सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।




