Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़

अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग पर एसपी का फोकस, थाना प्रभारियों को दिए कड़े निर्देश

अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग पर एसपी का फोकस, थाना प्रभारियों को दिए कड़े निर्देश,

राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित अपराधों, कानून व्यवस्था, तकनीकी अनुसंधान, नशे के कारोबार, यातायात व्यवस्था और जनशिकायतों सहित पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राउंड लेवल पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाए, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और पुलिस के प्रति विश्वास कायम रहे। उन्होंने सामाजिक एवं असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ समय रहते सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
संपत्ति संबंधी अपराधों में तकनीकी जांच पर जोर
एसपी ने संपत्ति संबंधी अपराधों के मामलों में तकनीकी और एक्सपर्ट आधारित अनुसंधान को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। अपराधों के खुलासे के लिए सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और वैज्ञानिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने पर जोर दिया गया।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी सख्ती
सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वाहन चेकिंग के दौरान दोपहिया, चारपहिया सहित सभी वाहनों की निष्पक्ष एवं सघन जांच करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
NDPS मामलों में नेटवर्क पर कार्रवाई
मादक पदार्थों से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए एसपी ने कमर्शियल मात्रा में बरामदगी वाले मामलों में कानून के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने पर जोर दिया।
कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
लोक शांति भंग करने वाले और कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बनने वाले व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश दिए गए। ऐसे व्यक्तियों को समय रहते बाउंड ओवर कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
डिजिटल पुलिसिंग को बनाया जाए प्रभावी
बैठक में CCTNS, e-Sakshya, e-FIR और टैब आधारित पुलिसिंग के उपयोग की भी समीक्षा की गई। एसपी ने अधिकारियों को डिजिटल संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए अनुसंधान की गुणवत्ता, पारदर्शिता और कार्रवाई की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
SC/ST मामलों में समय सीमा में चालान
SC/ST एक्ट से जुड़े मामलों में निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान पूरा कर चालान न्यायालय में पेश करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए।
CM हेल्पलाइन और जनसुनवाई की शिकायतों पर विशेष ध्यान
CM हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई से प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। एसपी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर उनका समयबद्ध निराकरण करने और शिकायतों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
वर्दी, बॉडी वार्न कैमरा और व्यवहार पर भी जोर
पुलिस कर्मचारियों के अनुशासन को लेकर भी एसपी ने आवश्यक निर्देश दिए। निर्धारित वर्दी में ड्यूटी करने, आवश्यकता के अनुसार बॉडी वार्न कैमरा एवं रिफ्लेक्टर का उपयोग करने तथा आमजन से विनम्र एवं बेहतर संवाद स्थापित करने पर जोर दिया गया।
एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ आमजन को बेहतर पुलिसिंग का अनुभव कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। थाना स्तर पर पुलिस की सक्रिय उपस्थिति, त्वरित कार्रवाई, तकनीकी संसाधनों का उपयोग और जनता से बेहतर संवाद लगातार मजबूत किया जाना चाहिए।
बैठक में लंबित अपराधों के निराकरण, गुम बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी के लिए विशेष अभियान, शिकायतों के समयबद्ध निराकरण तथा आगामी कानून व्यवस्था की चुनौतियों को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, डीएसपी अजाक शिवा पाठक, एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक संध्या राजपूत सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा विवेचक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!