सिलौंडी छात्रावास पहुंचीं जिला पंचायत सीईओ, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
छात्राओं से संवाद कर पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के दिए टिप्स

छात्राओं से संवाद कर पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के दिए टिप्स
विकास साहू कटनी न्यूज 24
कटनी, 16 अगस्त। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं और शासकीय व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा क्षेत्र के सिलौंडी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने छात्रावास में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और निर्माणाधीन भवनों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास परिसर में साफ-सफाई को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन एवं अपूर्ण भवनों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
छात्राओं से किया आत्मीय संवाद
जिला पंचायत सीईओ ने छात्रावास में रह रही छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, परीक्षा की तैयारी, आवासीय सुविधाओं और छात्रावास में उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर करने के निर्देश दिए।
डिजिटल एजुकेशन का बेहतर उपयोग करने की सलाह
सुश्री कौर ने छात्राओं को डिजिटल एजुकेशन का प्रभावी उपयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं और बोर्ड परीक्षाओं में सफलता के लिए नियमित अध्ययन, लक्ष्य निर्धारण और कठिन परिश्रम जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को परीक्षा को लेकर तनाव न लेने और आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने के टिप्स दिए।
उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी नियमित रूप से अध्ययन करें और उपलब्ध डिजिटल संसाधनों का सही तरीके से उपयोग करें, तो बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने छात्राओं को अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करते हुए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी एस.एन. पांडे, डीपीसी प्रेम नारायण तिवारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




