टकला टिकरिया औद्योगिक क्षेत्र में 90 फीसदी भूखंड आवंटित, 11-12 करोड़ की लागत से विकसित हो रहा औद्योगिक हब
Katni

टकला टिकरिया औद्योगिक क्षेत्र में 90 फीसदी भूखंड आवंटित, 11-12 करोड़ की लागत से विकसित हो रहा औद्योगिक हब,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित किया जा रहा नवीन औद्योगिक क्षेत्र टकला टिकरिया उद्योगों की स्थापना के लिए तैयार हो रहा है। करीब 19.52 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित इस औद्योगिक क्षेत्र में कुल 89 भूखंड तैयार किए गए हैं, जिनमें से लगभग 90 प्रतिशत भूखंडों का आवंटन हो चुका है।
औद्योगिक क्षेत्र के विकास और बुनियादी सुविधाओं पर करीब 11 से 12 करोड़ रुपये की लागत से कार्य किए जा रहे हैं। क्षेत्र में सड़क, बिजली सहित आवश्यक अधोसंरचना विकसित की जा रही है। वर्तमान में विद्युतीकरण और लाइट फिटिंग का कार्य तेजी से जारी है, जिसे जल्द पूरा करने का लक्ष्य है।
शनिवार को कलेक्टर आशीष तिवारी, जिला पंचायत सीईओ हर्सिमरनप्रीत कौर, वन मंडल अधिकारी तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ने टकला टिकरिया औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने विकास कार्यों की प्रगति और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष बुनियादी सुविधाओं के कार्य समय-सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि आवंटियों को जल्द सुविधाएं उपलब्ध हों और औद्योगिक इकाइयों की स्थापना का काम तेजी से शुरू हो सके। औद्योगिक क्षेत्र के विकसित होने से जिले में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।




