फार्मर आईडी में लापरवाही पर स्लीमनाबाद और विजयराघवगढ़ तहसीलदारों पर कार्रवाई के निर्देश
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। कलेक्टर आशीष तिवारी ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। किसानों की फार्मर आईडी बनाने और डिजिटाइजेशन कार्य में लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने स्लीमनाबाद तहसीलदार की दो वेतन वृद्धि तथा विजयराघवगढ़ तहसीलदार की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्किलवार पटवारियों की बैठक लेकर फार्मर आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी और पटवारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन यंत्री को नोटिस जारी करने तथा मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड के एमडी को भी पत्र के माध्यम से अवगत कराने के निर्देश दिए गए।
कम प्रगति पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी
पैक्स सदस्यता अभियान में कम पंजीयन पर कलेक्टर ने सहकारी बैंक की नोडल अधिकारी जयति बिलथरिया के प्रति नाराजगी जताते हुए पंजीयन की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं फार्मर आईडी से खसरा लिंक करने और पीएम किसान योजना में पंजीयन की धीमी प्रगति पर राजस्व अधिकारियों को भी फटकार लगाई।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत किसानों के पंजीयन में तेजी लाने के साथ नामांतरण, बंटवारा और अभिलेख दुरुस्ती के लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभिलेख दुरुस्ती का कोई भी प्रकरण एक वर्ष से अधिक समय तक लंबित नहीं रहना चाहिए।
कन्हवारा शिविर से पहले लंबित मामलों का निराकरण
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत मुड़वारा विधानसभा के कन्हवारा क्लस्टर में प्रस्तावित शिविर को लेकर कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विभाग से संबंधित लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों और आवेदनों का शिविर से पहले ही निराकरण करें। शेष प्रकरणों का समाधान शिविर स्थल पर करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा
बैठक में विभिन्न विभागों की लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को गंभीरता और प्राथमिकता के साथ शिकायतों का निराकरण करने के निर्देश दिए। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित शिकायतों के निराकरण की जिम्मेदारी संबंधित जनपद सीईओ को सौंपी गई।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी दिए निर्देश
कलेक्टर ने अनमोल पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच और एनीमिया के मामलों की समीक्षा की। उन्होंने बहोरीबंद और बरही के बीएमओ को स्वास्थ्य सेवाओं में प्रगति लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के शिविरों में 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता से बनाने के निर्देश सीएमएचओ को दिए गए। वहीं टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करते हुए टीबी अधिकारी को पोर्टल पर डाटा नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल विकास योजनाओं की समीक्षा
महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना में रीठी और ढीमरखेड़ा क्षेत्र में पंजीयन की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जनपद सीईओ और सीडीपीओ को समन्वय कर नए जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा
बैठक में पीएम स्वनिधि, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना, बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उन्नयन योजना सहित मत्स्य विभाग और एनआरएलएम की योजनाओं की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने लंबित एवं स्वीकृत प्रकरणों की स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्रा सहित सभी एसडीएम और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर, उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित, उपसंचालक कृषि खेलावन डेहरिया, जिला शिक्षा अधिकारी सच्चिदानंद पाण्डेय, सहायक आयुक्त सहकारिता राजयशवर्धन कुरील, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विमल चौरसिया और सहायक संचालक मत्स्योद्योग आशीष नायक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




