सेवा संकल्प बाइक यात्रा विजयराघवगढ़ पहुंची, स्वच्छता और पौधरोपण के जरिए दिया सेवा का संदेश
Katni

सेवा संकल्प बाइक यात्रा विजयराघवगढ़ पहुंची, स्वच्छता और पौधरोपण के जरिए दिया सेवा का संदेश,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वडनगर से वाराणसी के लिए निकली सेवा संकल्प बाइक यात्रा शुक्रवार को विजयराघवगढ़ पहुंची। भैंसवाही में विधायक संजय सत्येंद्र पाठक सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद विभिन्न स्थानों पर बाइक यात्रियों का स्वागत किया गया।
यात्रा के दौरान ग्राम हरदुआ कला में शहीद प्रदीप पटेल के निवास पहुंचकर अतिथियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों से मुलाकात की। विजयराघवगढ़ के ऐतिहासिक किले में बरम बाबा की पूजा के बाद स्वच्छता अभियान चलाया गया।
इसके बाद कैमोर में लाभार्थी और युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना है।
विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों और जरूरतमंदों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की।
कैमोर की बापू की वाटिका में सेवा यात्रियों और कार्यकर्ताओं ने पौधरोपण भी किया। यात्रा के दौरान सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।




