ऑटो में छिपाकर ले जाई जा रही 61.56 लीटर अवैध शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार

कटनी। कुठला पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक इलेक्ट्रिक ऑटो से 61.56 लीटर देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त ऑटो सहित करीब 4 लाख 34 हजार 200 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 13 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ऑटो में बड़ी मात्रा में शराब भरकर लमतरा ओवरब्रिज की ओर लाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने लमतरा ओवरब्रिज के समीप घेराबंदी कर ऑटो क्रमांक MP21 ZJ 8883 को पकड़ा।
तलाशी के दौरान ऑटो से सात कार्टूनों में रखे कुल 342 पाव देशी लाल एवं सफेद शराब, जिसकी मात्रा 61.56 लीटर और अनुमानित कीमत 34 हजार 200 रुपये है, बरामद की गई। मामले में पुलिस ने आरोपी राजेश कुमार यादव (32), निवासी पिपरहटा, हाल कन्हवारा को गिरफ्तार किया।
आरोपी के खिलाफ थाना कुठला में अपराध क्रमांक 833/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में एएसआई श्यामनारायण सिंह सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24




