सड़क हादसे के बाद पुलिस का एक्शन, स्कूली वाहनों की सघन जांच,

कटनी।विजयराघवगढ़। 9 सितंबर को थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे के बाद पुलिस ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में 13 सितंबर को थाना विजयराघवगढ़ क्षेत्र के निजी एवं अर्द्धशासकीय स्कूलों में संचालित स्कूली वाहनों की थाना परिसर में जांच की गई।
पुलिस ने करीब 40 स्कूली वाहनों के दस्तावेजों की जांच के साथ वाहन चालकों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सत्यापित किया। वाहनों की भौतिक स्थिति, दरवाजों की कार्यप्रणाली, बच्चों के बैठने की व्यवस्था सहित अन्य सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया गया।
थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि अवकाश के दिनों में अभियान चलाने का उद्देश्य स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की व्यवस्थित जांच करना है, ताकि स्कूल संचालन के दौरान बच्चों को अनावश्यक रूप से न रोका जाए। अभियान 14 सितंबर को भी जारी रहेगा।
पुलिस ने स्कूल संचालकों, वाहन मालिकों और चालकों को दस्तावेज अपडेट रखने, बच्चों को सुरक्षित तरीके से परिवहन करने और यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी है।
राजेश सांघेलिया कटनी न्यूज 24




