तिलक महाविद्यालय में हिन्दी पखवाड़े का आयोजन, विद्यार्थियों ने साझा किए विचार

कटनी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भारतीय ज्ञान परंपरा एवं हिन्दी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हिन्दी पखवाड़े के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार वाजपेई के निर्देशन में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं वंदना से किया गया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. माधुरी गर्ग ने विद्यार्थियों को हिन्दी भाषा के महत्व और उपयोगिता से अवगत कराया। उन्होंने भारतेंदु हरिश्चंद्र की प्रसिद्ध पंक्तियों— “निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल” का उल्लेख करते हुए मातृभाषा के प्रति सम्मान का संदेश दिया।
डॉ. प्रतिमा त्रिपाठी ने श्याम नारायण पाण्डेय की प्रसिद्ध कविता ‘हल्दीघाटी’ का सस्वर पाठ किया। वहीं सहायक प्राध्यापक अंकिता गोस्वामी ने हिन्दी की संवैधानिक स्थिति पर जानकारी दी।
डॉ. विजय कुमार ने हिन्दी के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य पर विचार रखते हुए विद्यार्थियों से हिन्दी के अध्ययन, लेखन और बोलचाल में अधिकाधिक प्रयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों शुभांशु परौहा, समीर चौधरी, दीपा विश्वकर्मा, नेतराम और दुर्गेश सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन डॉ. अतुल कुमार ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शैक्षणिक स्टाफ एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
राजेश सांघेलिया कटनी न्यूज 24




