नदीपार बस स्टैंड में निगम का अतिक्रमण अभियान, 17 ठेले-टपरे हटाए शराब दुकान के पास 5 और बस स्टैंड क्षेत्र में 12 ठेला संचालकों पर कार्रवाई,
और स्वच्छता व्यवस्था में बाधक बने अतिक्रमण हटाए

राजेश कुमार तिवारी
कटनी। शहर में सड़क सुरक्षा, स्वच्छता और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम के अतिक्रमण अमले ने शुक्रवार शाम नदीपार बस स्टैंड क्षेत्र में कार्रवाई की। निगम की टीम ने मुख्य मार्ग और बस स्टैंड परिसर में अभियान चलाकर यातायात एवं सार्वजनिक व्यवस्था में बाधक बने कुल 17 ठेले-टपरे हटाए।
अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह के अनुसार, नदीपार मुख्य मार्ग स्थित शराब दुकान के समीप संचालित 5 अनाधिकृत टपरों के कारण सड़क किनारे भीड़ और अव्यवस्था की शिकायतें सामने आ रही थीं। साथ ही यहां से निकलने वाला डिस्पोजल और अन्य कचरा नालियों में डाले जाने के कारण गंदगी और नाला जाम होने की समस्या भी बनी हुई थी। निगम अमले ने संबंधित संचालकों को समझाइश देते हुए ठेलों को मौके से हटाया।
इसके अलावा बस स्टैंड क्षेत्र में 12 ठेला संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। बस स्टैंड के प्रवेश द्वार और परिसर के अन्य हिस्सों में अव्यवस्थित रूप से लगाए गए ठेलों के कारण बसों और यात्रियों के आवागमन में परेशानी हो रही थी। कार्रवाई के बाद मार्ग और परिसर को यातायात के लिए सुगम कराया गया।
नगर निगम प्रशासन ने कहा है कि सार्वजनिक सड़कों, नालियों और यातायात क्षेत्र में बाधा उत्पन्न कर कारोबार करने अथवा गंदगी फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नागरिकों की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।




