Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

ग्रामीण विकास और जनहित के मुद्दों पर जिला पंचायत की सामान्य सभा में मंथन

शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल सहित विभिन्न योजनाओं की हुई समीक्षा, अधिकारियों को समय-सीमा में कार्यवाही के निर्देश

राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी, 9 सितंबर। जिला पंचायत कटनी की सामान्य सभा की बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मेहरा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, अतिरिक्त सीईओ अनुराग मोदी सहित जिला पंचायत सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व बैठक के पालन प्रतिवेदन के साथ ही जिले में संचालित विकास कार्यों की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई।
जनहित के मुद्दों पर सदस्यों ने रखी बात
बैठक में पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, कृषि, विद्युत, खाद्य, सहकारिता और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। जिला पंचायत सदस्य अजय गोटिया ने शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि से जुड़े विषयों को सदन के सामने रखा। वहीं सदस्य प्रदीप त्रिपाठी ने अवैध पैकारियों पर रोक लगाने और आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग रखी। अन्य सदस्यों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी आवश्यकताओं को प्रमुखता से रखा।
योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मेहरा ने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना चाहिए। विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के साथ जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय पर भी उन्होंने जोर दिया।
जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने संबंधित अधिकारियों से प्रस्तुत विषयों पर जानकारी लेते हुए जनहित से जुड़े मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को प्राथमिकता के साथ लेते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कराया जाएगा।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने और शासन की योजनाओं की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया गया। बैठक में विभिन्न जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, विधायक प्रतिनिधि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!