तिलक कॉलेज में सेवानिवृत्त प्रो. उर्मिला दुबे को दी भावुक विदाई, सहकर्मियों ने साझा कीं यादें

तिलक कॉलेज में सेवानिवृत्त प्रो. उर्मिला दुबे को दी भावुक विदाई, सहकर्मियों ने साझा कीं यादें,
राजेश साधेलिया कटनी न्यूज 24
कटनी। शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी के अंग्रेजी विभाग में लंबे समय तक सेवाएं देने वाली सहायक प्राध्यापक प्रो. उर्मिला दुबे के सेवानिवृत्ति अवसर पर महाविद्यालय परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, अशैक्षणिक कर्मचारी और प्रो. दुबे के परिवारजन उपस्थित रहे।
समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार वाजपेई ने प्रो. उर्मिला दुबे के सेवाकाल को स्मरण करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व सरल, सहज और सहयोगात्मक रहा। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ-साथ सहकर्मियों के प्रति भी हमेशा आत्मीय व्यवहार रखा। उनके योगदान और कार्यशैली को महाविद्यालय परिवार लंबे समय तक याद रखेगा।
प्रो. माधुरी गर्ग ने प्रो. दुबे के महाविद्यालयीन जीवन के साथ उनके सामाजिक एवं व्यक्तिगत व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक का प्रभाव केवल कक्षा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसका व्यवहार और व्यक्तित्व आसपास के लोगों को भी प्रभावित करता है। प्रो. दुबे ने अपने कार्य एवं व्यवहार से इस बात को सार्थक किया है।
अंग्रेजी विभाग की प्रो. नाहिद सिद्दीकी ने उनके साथ बिताए कार्यकाल की स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि प्रो. दुबे का सहयोग, विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशीलता और सहकर्मियों के साथ मधुर व्यवहार हमेशा स्मरणीय रहेगा। वहीं प्रो. जी.एम. मुस्तफा ने उनकी कार्यनिष्ठा, सकारात्मक सोच और सरल व्यवहार को याद करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में प्रो. उर्मिला दुबे के पति ने महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेवाकाल के दौरान महाविद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों से मिले सहयोग, सम्मान एवं अपनत्व के लिए उनका परिवार सदैव कृतज्ञ रहेगा।
विदाई समारोह के दौरान महाविद्यालय परिवार की ओर से प्रो. उर्मिला दुबे का सम्मान किया गया। उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उनके सेवाकालीन योगदान को याद करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की शुभकामनाएं दीं। भावुक एवं आत्मीय वातावरण में आयोजित कार्यक्रम का समापन हुआ।




