ज्वेलरी दुकान में भीड़ का फायदा उठाकर सोने के जेवर उड़ाने वाली तीन महिलाएं गिरफ्तार, ₹1.52 लाख का माल बरामद

ज्वेलरी दुकान में भीड़ का फायदा उठाकर सोने के जेवर उड़ाने वाली तीन महिलाएं गिरफ्तार, ₹1.52 लाख का माल बरामद,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम सिलौड़ी में ज्वेलरी दुकान पर भीड़ का फायदा उठाकर सोने के जेवर चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए करीब ₹1.52 लाख कीमत के सोने के जेवर भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन और थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा निरीक्षक महिमा रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
यह है पूरा मामला
ग्राम सिलौड़ी निवासी ज्वेलरी व्यवसायी अमित प्रसाद सोनी ने 1 सितंबर 2026 को ढीमरखेड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दुकान पर ग्राहकों की काफी भीड़ थी और इसी दौरान तीन महिलाएं आकर सोने के जेवर देखने लगीं। भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं ने करीब ₹1.52 लाख कीमत के सोने के जेवर चोरी कर लिए और वहां से निकल गईं।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ अपराध क्रमांक 499/26, धारा 303(3), 5 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में खुला चोरी का राज
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन महिलाओं को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सोने के जेवर बरामद कर लिए।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सुमन उर्फ रोशनी पति सुरेन्द्र सिलावट (40), निवासी कुमड़ाखेड़ा, थाना गोटेगांव; लक्ष्मी उर्फ नेहा पति हाकम चौधरी (50), निवासी साकल रोड, 2 नंबर गली, थाना कोतवाली नरसिंहपुर; तथा तरूणा उर्फ तनू पिता पहलाद चौधरी (27), निवासी कुमड़ाखेड़ा, थाना गोटेगांव के रूप में हुई है।
इनकी रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक महिमा रघुवंशी, उप निरीक्षक अनिल पांडे, प्रधान आरक्षक अतुल शर्मा, आरक्षक धर्मवीर सिंह, आरक्षक रामसेवक विश्वकर्मा एवं महिला आरक्षक शिवानी पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से ज्वेलरी दुकानों में भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई का संदेश गया है।




