बारिश के मौसम में डेंगू-मलेरिया पर नगर निगम का प्रहार, वार्डों में फॉगिंग और कीटनाशक छिड़काव तेज

बारिश के मौसम में डेंगू-मलेरिया पर नगर निगम का प्रहार, वार्डों में फॉगिंग और कीटनाशक छिड़काव तेज,
राजेश साधेलिया कटनी न्यूज 24
कटनी। बारिश के मौसम में मच्छर जनित एवं संक्रामक बीमारियों की रोकथाम को लेकर नगर निगम प्रशासन ने फॉगिंग और कीटनाशक दवाओं के छिड़काव का अभियान तेज कर दिया है। डेंगू, मलेरिया सहित अन्य बीमारियों की रोकथाम के लिए निगम की स्वास्थ्य शाखा द्वारा मंगलवार सुबह शहर के विभिन्न वार्डों में व्यापक अभियान चलाया गया।
निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देशों के बाद स्वास्थ्य शाखा ने वार्डवार कार्ययोजना तैयार कर फॉगिंग एवं कीटनाशक छिड़काव की कार्रवाई शुरू की है। अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 3, 5, 7, 9, 12, 19, 20, 28, 30, 32, 33, 35, 38, 41 और 42 सहित अन्य वार्डों के मुख्य मार्गों, आंतरिक गलियों और जलभराव वाले क्षेत्रों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया गया।
वहीं वार्ड क्रमांक 11, 12 और 36 की विभिन्न गलियों में फॉगिंग मशीन से धुएं का छिड़काव कर मच्छरों के प्रजनन और प्रसार को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।
स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने बताया कि नगर के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से फॉगिंग और कीटनाशक छिड़काव कराया जा रहा है। जलभराव वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए अभियान को लगातार जारी रखा जाएगा।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, गमले, पानी की टंकियों और अन्य पात्रों की नियमित सफाई करें तथा मच्छरों के पनपने वाले संभावित स्थानों को साफ रखें। निगम प्रशासन ने नागरिकों से बीमारी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करने की अपील की है।




