पीएम आवास पूर्णता और सीएम हेल्पलाइन के संतुष्टिपूर्ण निराकरण पर जोर

पीएम आवास पूर्णता और सीएम हेल्पलाइन के संतुष्टिपूर्ण निराकरण पर जोर,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी, 26 अगस्त। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण में प्रगति लाने के लिए जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जनपद पंचायत के सभागार में आयोजित बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी ब्रतेश जैन एवं जिला पंचायत के सहायक परियोजना अधिकारी मृगेंद्र सिंह ने ग्राम पंचायतवार प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने निर्माणाधीन और अपूर्ण आवासों की जानकारी लेते हुए संबंधित अमले को हितग्राहियों से लगातार संपर्क और संवाद कर आवासों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में सहायक विकास विस्तार अधिकारी, पंचायत समन्वय अधिकारी एवं उपयंत्रियों से आवास पूर्णता की स्थिति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर दिलाने के साथ निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि लंबित आवास जल्द पूर्ण हो सकें।
समीक्षा के दौरान सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण की स्थिति पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही 5 सितंबर 2026 तक 80 प्रतिशत वेटेज प्राप्त करने के लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर द्वारा जिले में केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में जनपद स्तर पर योजनाओं की जमीनी प्रगति बढ़ाने और शिकायतों के त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।




