जलकर बकाया पर नगर निगम का शिकंजा, चार कनेक्शन काटे
50 प्रतिशत छूट वाली राहत योजना का लाभ नहीं लेने पर कार्रवाई तेज

जलकर बकाया पर नगर निगम का शिकंजा, चार कनेक्शन काटे
50 प्रतिशत छूट वाली राहत योजना का लाभ नहीं लेने पर कार्रवाई तेज,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। वर्षों से लंबित जलकर की वसूली को लेकर नगर निगम प्रशासन ने अब सख्ती शुरू कर दी है। परिषद के निर्णय के तहत लागू सीमित अवधि की जलकर राहत योजना के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की जा रही है। योजना के तहत 31 मार्च 2026 तक के कुल बकाया जलकर पर 50 प्रतिशत की छूट का प्रावधान है।
मंगलवार को नगर निगम की गठित टीम ने बकाया जलकर जमा नहीं करने वाले चार उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन विच्छेदित किए। निगम प्रशासन का कहना है कि संबंधित उपभोक्ताओं को बकाया राशि जमा करने और राहत योजना का लाभ लेने के लिए पर्याप्त अवसर दिया गया था, लेकिन भुगतान नहीं किए जाने पर यह कार्रवाई की गई।
इन उपभोक्ताओं के काटे गए कनेक्शन
कार्रवाई के दौरान उपभोक्ता क्रमांक 1003300927 पर 27,968 रुपये, 1002309697 पर 73,000 रुपये, 1003484249 पर 5,674 रुपये और 1003483602 पर 90,404 रुपये का जलकर बकाया पाया गया। बकाया राशि जमा नहीं करने पर निगम अमले ने इनके नल कनेक्शन विच्छेदित कर दिए।
50 प्रतिशत छूट का उठाएं लाभ
नगर निगम प्रशासन ने बकायादार उपभोक्ताओं से अपील की है कि जलकर राहत योजना का लाभ उठाकर पुराने बकाये का निराकरण करें। उपभोक्ता नगर निगम कार्यालय, संबंधित जोन कार्यालय और सुभाष चौक स्थित काउंटर पर पहुंचकर अथवा ऑनलाइन माध्यम से बकाया जलकर की 50 प्रतिशत राशि जमा कर शेष 50 प्रतिशत की छूट का लाभ ले सकते हैं।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि योजना सीमित अवधि के लिए है। ऐसे में उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि कार्रवाई होने से पहले योजना का लाभ उठाकर अपना बकाया जलकर जमा करें, ताकि नल कनेक्शन विच्छेदन जैसी कार्रवाई से बचा जा सके।




