Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

जलकर बकायादारों पर निगम की सख्ती, तीन नल कनेक्शन काटे

50 प्रतिशत छूट का लाभ लेने का अब भी मौका, 10 सितंबर तक योजना का लाभ उठाने की अपील,

राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। नगर निगम द्वारा जलकर के बकायादार उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए संचालित विशेष राहत योजना का लाभ नहीं लेने वाले उपभोक्ताओं पर अब निगम प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। योजना के तहत बकाया जलकर की 50 प्रतिशत राशि जमा करने पर शेष 50 प्रतिशत राशि में छूट का प्रावधान है। इसके बावजूद लंबे समय से बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नल कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में नगर निगम की जलप्रदाय शाखा ने तीन बकायादार उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन विच्छेदित किए हैं। जलकर शाखा प्रभारी एवं सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक ने बताया कि संबंधित उपभोक्ताओं को बकाया जलकर जमा करने के साथ विशेष राहत योजना के तहत मिलने वाली 50 प्रतिशत छूट की जानकारी दी गई थी। इसके बावजूद निर्धारित समय में राशि जमा नहीं किए जाने पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई।
लाखों नहीं, हजारों में बकाया फिर भी नहीं लिया छूट का लाभ
कार्रवाई के दौरान उपभोक्ता क्रमांक 1002860084 पर 41 हजार 659 रुपये, उपभोक्ता क्रमांक 1082313792 पर 55 हजार 770 रुपये तथा उपभोक्ता क्रमांक 1003355342 पर 24 हजार 686 रुपये का जलकर बकाया पाया गया। निगम द्वारा इन उपभोक्ताओं को बकाया राशि में 50 प्रतिशत छूट का लाभ उठाकर जलकर जमा करने का अवसर दिया गया था, लेकिन भुगतान नहीं किए जाने पर निगम प्रशासन ने नल कनेक्शन विच्छेदित कर दिए।
10 सितंबर तक मिलेगा 50 प्रतिशत छूट का लाभ
नगर निगम प्रशासन ने बकायादार उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे विशेष राहत योजना का लाभ लेते हुए समय-सीमा के भीतर बकाया जलकर जमा करें। योजना के तहत 10 सितंबर तक 50 प्रतिशत छूट का लाभ लिया जा सकता है।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विशेष राहत योजना बकायादार उपभोक्ताओं को राहत देने का अवसर है। इसके बावजूद यदि उपभोक्ता बार-बार सूचना और अवसर दिए जाने के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं करते हैं, तो उनके विरुद्ध नल कनेक्शन विच्छेदन सहित नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!