Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

मड़ई में निकली अनूठी हरियाली यात्रा, कलश और पौधे लेकर महिलाओं ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड कटनी के सेक्टर क्रमांक-3 कन्हवारा अंतर्गत ग्राम मड़ई में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन किया गया। नवांकुर संस्था बारडोली वेलफेयर सोसाइटी कटनी के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
यात्रा में नवांकुर सखियां एक जैसी वेशभूषा में सिर पर कलश और हाथों में पौधे लेकर बैंड-बाजों की धुन पर पूरे गांव में भ्रमण करती नजर आईं। इस दौरान महिलाओं ने “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ”, “धरती माता करे पुकार, पेड़ लगाकर करो श्रृंगार” सहित विभिन्न नारों के माध्यम से ग्रामीणों को पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल, विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र, जनपद सदस्य नंदलाल कोरी तथा बारडोली वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष आर.एल. चौधरी अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत नवांकुर सखियों द्वारा प्रस्तुत भजनों से हुई, जिसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया।
विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र ने हरियाली यात्रा के उद्देश्य की जानकारी देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए कटनी जिले के 30 सेक्टरों में नवांकुर सखी हरियाली यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है।
जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल ने नवांकुर सखी योजना की जानकारी देते हुए महिलाओं से अधिक से अधिक सखियों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने प्रत्येक सखी से एक-एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी लेने की अपील की, ताकि गांवों को हरित एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सके।
इस अवसर पर अतिथियों ने नवांकुर सखियों को पौधे वितरित किए और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रोपित कर नियमित रूप से संरक्षण करने का संकल्प दिलाया।
हरियाली यात्रा के समापन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण में सक्रिय योगदान देने वाली ग्राम की महिलाओं को सम्मानित किया गया। आयोजन में नवांकुर संस्था के कार्यक्रम समन्वयक शिवकुमार चौधरी, सेक्टर प्रभारी गनपत लाल कोल, राजू यादव, प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधि राजकुमार त्रिपाठी एवं सुनैना चौधरी सहित परामर्शदाता श्रीमती रूपा बर्मन और माया गुप्ता की विशेष सहभागिता रही।
आयोजन के माध्यम से ग्रामीणों को संदेश दिया गया कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है और एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करना भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!