जनसुनवाई में 168 फरियादियों की सुनी समस्याएं, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध निराकरण के निर्देश
कहा—नागरिकों को समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, हर प्रकरण की हो नियमित मॉनिटरिंग

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी, 11 अगस्त। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 168 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि आवेदनों पर केवल औपचारिक कार्रवाई न हो, बल्कि तथ्यों की जांच कर पात्र हितग्राहियों को वास्तविक राहत दिलाई जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा और निराकरण की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जनसुनवाई में राजस्व विभाग से संबंधित भूमि विवाद, सीमांकन, नामांतरण, भूमि आवंटन, अतिक्रमण हटाने और नक्शा सुधार सहित विभिन्न मामलों के आवेदन प्राप्त हुए। शिक्षा विभाग से मध्यान्ह भोजन व्यवस्था के लिए रसोइया नियुक्ति से संबंधित आवेदन सामने आए। वहीं आबकारी विभाग से शराब दुकान बंद कराने, महिला एवं बाल विकास विभाग से लाड़ली बहना योजना की राशि दिलाने संबंधी शिकायतें भी प्राप्त हुईं।
इसके अलावा खाद्य विभाग से खाद्यान्न पर्ची एवं जॉब कार्ड, लोक सेवा से समग्र परिवार आईडी में नाम जोड़ने, प्रधानमंत्री आवास योजना की नई सूची में नाम शामिल करने तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के क्लेम की राशि दिलाने सहित विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदन भी जनसुनवाई में प्रस्तुत किए गए।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए और आवेदकों को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है कि नागरिकों को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।




