बाल गंगाधर तिलक वार्ड में उत्साह के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, चार स्थानों पर हुआ ध्वजारोहण,

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बाल गंगाधर तिलक वार्ड क्रमांक 1 में विभिन्न स्थानों पर गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में वार्ड की लोकप्रिय पार्षद श्रीमती वंदना राजकिशोर यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजकिशोरी यादव सहित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, युवाओं, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8:30 बजे पहरवा स्थित प्राथमिक शासकीय शाला से हुई। इसके बाद सुबह 9 बजे इंदिरा नगर स्थित सरस्वती स्कूल, 9:30 बजे संजीवनी हॉस्पिटल इंदिरा नगर तथा 10 बजे इंदिरा नगर स्थित सामुदायिक भवन परिसर में ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान राष्ट्रगान के साथ देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।
ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान पार्षद श्रीमती वंदना राजकिशोर यादव ने उपस्थित बच्चों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व और देश के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले वीर सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को याद किया। उन्होंने बच्चों को शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रहित के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा सांस्कृतिक एवं संस्कृत कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दी गईं। बच्चों की प्रस्तुतियों से प्रभावित होकर पार्षद श्रीमती वंदना राजकिशोर यादव ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए पुरस्कार वितरित किए।
इस अवसर पर मीडिया प्रभारी अमित नायक, समाजसेवी मसीह साहब, भारत विश्वकर्मा, गरीबदास रजक, आनंद भारती, ताराबाई बर्मन, मुन्ना लोहार, रघुराई निषाद, विनोद रैदास सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद एवं स्वल्पाहार का वितरण किया गया। पार्षद श्रीमती वंदना राजकिशोर यादव ने वार्डवासियों के साथ बैठकर स्वल्पाहार किया और वार्ड के विकास के लिए सभी से निरंतर सहयोग एवं समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि वार्ड के सर्वांगीण विकास के लिए जनप्रतिनिधि और नागरिक मिलकर लगातार प्रयास करते रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में रामचरण रैदास ने सभी अतिथियों एवं वार्डवासियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकजुटता के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।




